Live

BIG BREAKING

नालंदा विश्वविद्यालय में होगा ईस्ट एशिया यूनिवर्सिटी कॉन्क्लेव, पीएम मोदी ने मनीला में किया ऐलान

D
Deepak Kumarलेखक

पटना: बिहार के लिए अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक जगत में बड़ी उपलब्धि सामने आई है। वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले ईस्ट एशिया समिट यूनिवर्सिटी हेड्स कॉन्क्लेव की मेजबानी नालंदा विश्वविद्यालय करेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फिलीपींस की राजधानी मनीला में आयोजित 21वें ईस्ट एशिया समिट के दौरान इसकी घोषणा की। इस आयोजन से बिहार को शिक्षा, शोध और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के क्षेत्र में वैश्विक पहचान मिलने की उम्मीद है।

सीएम सम्राट ने पीएम मोदी का जताया आभार

प्रधानमंत्री की घोषणा के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आभार जताते हुए इसे बिहार की ज्ञान परंपरा और गौरव के लिए ऐतिहासिक अवसर बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि नालंदा विश्वविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय स्तर के शैक्षणिक सम्मेलन का आयोजन बिहार की प्राचीन ज्ञान विरासत को वैश्विक मंच पर स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इससे बिहार के युवाओं को दुनिया के विभिन्न देशों के साथ जुड़ने और शिक्षा के नए अवसर प्राप्त करने का मौका मिलेगा।

वैश्विक स्तर पर बिहार की ज्ञान परंपरा को स्थापित करने का अवसर

मुख्यमंत्री के अनुसार, इस आयोजन के माध्यम से बिहार की ज्ञान परंपरा को वैश्विक स्तर पर पुनः स्थापित करने और युवा शक्ति को अंतरराष्ट्रीय समुदाय से जोड़ने का अवसर मिलेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री के प्रयासों के लिए बिहारवासियों की ओर से आभार व्यक्त किया।

कॉन्क्लेव में देश -विदेश के दिग्गज शिक्षक और शोधकर्ता होंगे शामिल

नालंदा विश्वविद्यालय ने भी इस घोषणा का स्वागत किया है। विश्वविद्यालय के मुताबिक, कॉन्क्लेव में विभिन्न देशों के विश्वविद्यालयों के प्रमुख, शिक्षक, शोधकर्ता और विद्यार्थी शामिल होंगे। इससे शैक्षणिक अनुभवों, शोध, नवाचार और आपसी साझेदारी को बढ़ावा मिलेगा।

ईस्ट एशिया समिट यूनिवर्सिटी हेड्स कॉन्क्लेव का उद्देश्य सदस्य देशों के बीच शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार में सहयोग को मजबूत करना है। इस आयोजन से विश्वविद्यालयों के बीच नई साझेदारियां विकसित होने तथा छात्रों और शोधकर्ताओं के लिए अंतरराष्ट्रीय अवसर बढ़ने की संभावना है। नालंदा विश्वविद्यालय में इस सम्मेलन का आयोजन बिहार के लिए वैश्विक शैक्षणिक पहचान मजबूत करने वाला कदम माना जा रहा है।

संजय कुमार की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें