BIG BREAKING
नालंदा में भीषण सड़क हादसा: दो सगे भाइयों समेत 3 युवकों की दर्दनाक मौत, दो गंभीर रूप से घायल
हरनौत बाजार में हादसे के बाद मचा कोहराम, पटाखे खरीदने निकले थे सभी युवक; 21नवंबर को होने वाली थी घायल रवि की शादी
नालंदा: बिहार के नालंदा जिले में एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा हरनौत थाना क्षेत्र के हरनौत बाजार में हुआ। मृतकों में दो सगे भाई भी शामिल हैं। वहीं, घायलों को इलाज के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है।
दो सगे भाइयों समेत तीन युवकों की मौत
मृतकों की पहचान अनीश कुमार, गौतम कुमार और मन्नू कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अनीश कुमार और मन्नू कुमार आपस में सगे भाई थे। वहीं, हादसे में अमित कुमार और रवि कुमार गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों का इलाज बिहारशरीफ सदर अस्पताल में चल रहा है।
पटाखे खरीदने बाजार गए थे युवक
परिजनों के अनुसार, सभी युवक अपने घर के सामने पटाखे फोड़ रहे थे। पटाखे खत्म होने के बाद वे और पटाखे खरीदने के लिए हरनौत बाजार गए थे। इसी दौरान वे भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गए। कुछ देर बाद परिजनों को पुलिस के माध्यम से दुर्घटना की सूचना मिली। हादसे की खबर मिलते ही परिवार के लोग घटनास्थल और अस्पताल की ओर दौड़ पड़े।
21 नवंबर को होनी थी घायल रवि की शादी
इस हादसे ने एक परिवार की खुशियों को भी मातम में बदल दिया है। बताया जा रहा है कि दुर्घटना में घायल रवि कुमार की शादी आगामी 21 नवंबर को होने वाली थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, दो सगे भाइयों समेत तीन युवकों की मौत से पूरे इलाके में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लोग घायलों की हालत को लेकर भी बेहद चिंतित हैं।
खुशियों वाले घर में पसरा मातम
जिस घर में दीपावली और शादी को लेकर उत्साह का माहौल था, वहां अब मातम पसरा हुआ है। एक साथ तीन युवकों की मौत की खबर से हरनौत इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। इस दर्दनाक हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन ली हैं।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।