Live

BIHAR NEWS

नालंदा में उत्पाद सिपाही अजीत हत्याकांड में नया खुलासा, अपनी ही टीम की गोली लगने से मौत का दावा, महिला दारोगा समेत तीन हिरासत में

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

नालंदा:बिहार के नालंदा जिले में उत्पाद विभाग के सिपाही अजीत कुमार की मौत के मामले में जांच के दौरान चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं. शुरुआती जानकारी में दावा किया गया था कि शराब तस्करों की फायरिंग में सिपाही अजीत को गोली लगी थी. हालांकि,जांच में सामने आए तथ्यों के अनुसार,उनकी मौत अपनी ही टीम के एक होमगार्ड जवान की राइफल से चली गोली लगने के कारण हुई. मामले में टीम का नेतृत्व कर रही महिला दारोगा पुष्पा कुमारी और दो जवानों को हिरासत में लिया गया है.

शराब तस्करों की फायरिंग का दावा जांच के घेरे में

जानकारी के अनुसार,गुरुवार को शराब तस्करों के खिलाफ अभियान के दौरान सिपाही अजीत को गोली लगी थी. उन्हें गंभीर हालत में पहले पावापुरी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया. हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उन्हें पटना रेफर कर दिया,जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.

शुरुआत में घटना को शराब तस्करों की गोलीबारी से जोड़कर देखा गया था. लेकिन बाद की जांच में गोली चलने की परिस्थितियों को लेकर नए तथ्य सामने आए. आरोप है कि घटना के वास्तविक कारण की जानकारी तत्काल स्थानीय पुलिस को नहीं दी गई थी. इसके बाद पुलिस ने मामले की गहन पड़ताल शुरू की.

एसआईटी कर रही पूरे मामले की जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की गई है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गोली किन परिस्थितियों में चली और घटना के बाद अधिकारियों को क्या जानकारी दी गई थी. संबंधित कर्मियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.

इसके साथ ही शराब की खेप लेकर जा रहे वाहन,उसके संचालकों और तस्करी नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है. जांच टीम इस सिलसिले में झारखंड भी गई है.

फिलहाल,मामले में हिरासत में लिए गए कर्मियों की भूमिका और घटना की वास्तविक परिस्थितियों को लेकर जांच जारी है.

संजय कुमार की रिपोर्ट-

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें