नाबालिग की अभिरक्षा को लेकर याचिका पर HC सख्त
बच्ची को चाइल्ड केयर होम में रखने और बच्ची सहित दावा करने वाले दोनों पिता का DNA जांच का आदेश
Patna : पटना हाईकोर्ट ने नाबालिग बच्ची की अभिरक्षा को लेकर दायर याचिका पर सख्त रुख अपनाते हुए नाबालिग बच्ची को मधुबनी के चाइल्ड केयर होम में रखने और बच्ची सहित दावा करने वाले दोनों पिता का डीएनए जांच कराने का आदेश दिया. जस्टिस राजीव रंजन प्रसाद और जस्टिस सुनील दत्ता मिश्रा की खंडपीठ ने मामले पर सुनवाई की.
कोर्ट को बताया गया कि 2014 में राकेश कुमार सिंह से मृतका पूजा कुमारी की शादी हुई थी,लेकिन 4-5 महीने बाद वह राघवेंद्र कुमार से शादी कर ली.
उनका कहना था कि प्रतिवादी संख्या 8 राघवेंद्र कुमार केनरा बैंक मुंबई में सीनियर मैनेजर हैं.
उन्होंने अपने हलफनामे में कहा कि उसकी शादी पूजा से 22 अप्रैल,2015 को हुई थी और बच्ची का जन्म 8,फरवरी 2016 को समस्तीपुर के कृष्णा अस्पताल में हुआ. उसने जन्म प्रमाण पत्र,साथ की तस्वीरें और सुकन्या समृद्धि योजना का पासबुक पेश किया,जिसमें वह हर साल 1.5 लाख रुपए जमा करता है और अब 11 लाख रुपए का बैलेंस है.
कोर्ट को बताया गया कि पूजा +2 उच्च विद्यालय डेलडीहा पूर्वी,मधुबनी में नौकरी कर रही थी और अपनी बेटी के साथ राकेश के मकान में किराएदार के रूप में रहती थी. गत 9 जून को सड़क हादसे में उसकी मृत्यु हो गई.
दुर्घटना को लेकर ट्रैफिक थाना में केस 105/2026 दर्ज है. परिवार को सूचना दिए बिना ही राकेश ने शव का दाह संस्कार कर दिया और अब वह मृतक के नौकरी का लाभ लेने के लिए उसे अपनी पत्नी बता रहा है.
कोर्ट ने मामले पर सुनवाई के दौरान पाया कि राकेश के पास शादी का कोई प्रमाण नहीं है. सिर्फ मंदिर की 1100 रुपये की हाथ से लिखी रसीद है. कोर्ट ने बच्ची से बातचीत की,और उसे लगा कि उसे पूरी तरह से सिखा-पढ़ाकर रखा गया है.
कोर्ट ने डीएम,एसपी और मधुबनी के डीएलएएस को बच्ची की सुरक्षा और सम्मानजनक देखभाल सुनिश्चित करने का आदेश दिया. साथ ही मधुबनी के सीडब्ल्यूसी को चाइल्ड साइकोलॉजिस्ट नियुक्त कर काउंसलिंग कराने का निर्देश दिया.
कोर्ट ने डीएम और सिविल सर्जन को बच्ची,राकेश और राघवेंद्र का डीएनए टेस्ट कराने और कोर्ट में रिपोर्ट पेश करने का आदेश दिया. कोर्ट ने स्पष्ट किया कि मामले पर अगली सुनवाई तक किसी भी व्यक्ति को बच्ची से मिलने की इजाजत नहीं होगी. इस मामले पर अगली सुनवाई 1 अकटूबर,2026 को होगी.
पटना से आनंद वर्मा की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।