Bihar Crime
मुजफ्फरपुर में दिनदहाड़े CSP में एक लाख की लूट, विरोध करने पर संचालक का फोड़ा सिर
मुजफ्फरपुर में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। दुर्गा पूजा को लेकर पुलिस की सतर्कता और सुरक्षा व्यवस्था के बीच दिनदहाड़े बाइक सवार अपराधियों ने लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। करजा थाना क्षेत्र के पकड़ी चौक स्थित इंडियन बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र (CSP)में घुसे चार अपराधियों ने हथियार के बल पर करीब एक लाख रुपये लूट लिए। वहीं,विरोध करने पर सीएसपी संचालक विजय कुमार के सिर पर पिस्तौल के कुंदे से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी हथियार लहराते हुए फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही करजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं,सरैया एसडीपीओ अभिजीत कौर ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी में जुटी है।
दिनदहाड़े लूट से हड़कंप
दरअसल,पूरा मामला मुजफ्फरपुर जिले के करजा थाना क्षेत्र स्थित पकड़ी चौक का है,जहां इंडियन बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र का संचालन करने वाले विजय कुमार अपने केंद्र पर ग्राहकों के काम निपटा रहे थे। इसी दौरान दो बाइक पर सवार होकर पहुंचे चार अपराधियों ने सीएसपी में धावा बोल दिया। अपराधियों ने संचालक पर पिस्तौल तान दी,जबकि उनके साथ आए अन्य अपराधियों ने वहां मौजूद ग्राहकों को अपने कब्जे में लेकर लूटपाट शुरू कर दी।
विरोध करने पर सिर पर हमला
इसी बीच,जब सीएसपी संचालक विजय कुमार ने अपराधियों का विरोध किया,तो बदमाशों ने पिस्तौल के कुंदे से उनके सिर पर हमला कर दिया,जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद अपराधी सीएसपी में रखे करीब एक लाख रुपये लूटकर हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।
जांच में जुटी पुलिस
दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है। घटना की जानकारी मिलते ही करजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए सरैया की एसडीपीओ अभिजीत कौर भी घटनास्थल पर पहुंचीं। पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने में जुटी है। अब देखना होगा कि पुलिस इन अपराधियों को कब तक गिरफ्तार कर पाती है।
मुजफ्फरपुर से रविरंजन कुमार की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।