नीतीश सेतु के लोकार्पण की तैयारी तेज
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से आवास पर मुलाकात कर कार्यक्रम की जानकारी दी
पटना : नीतीश सेतु के लोकार्पण समारोह को लेकर बिहार में तैयारियां तेज हो गई है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से उनके सरकारी आवास पर मुलाकात करने पहुंचे. दोनों नेताओं के बीच करीब 15 मिनट तक बातचीत हुई. इस दौरान 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल के लोकार्पण कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा हुई.
मुलाकात के दौरान उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा भी मौजूद रहे. नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का अपने आवास पर स्वागत किया. मुलाकात के बाद सम्राट चौधरी ने तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए कहा कि उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री से मुलाकात कर मार्गदर्शन प्राप्त किया. साथ ही प्रधानमंत्री द्वारा नीतीश सेतु को जनता के लिए समर्पित किए जाने वाले कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा की गई.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को बिहार दौरे के दौरान कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल का उद्घाटन करेंगे. इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए नीतीश कुमार भी पटना एयरपोर्ट पहुंचकर प्रधानमंत्री का स्वागत करेंगे. वैशाली जिले के राजापाकर क्षेत्र स्थित जाफरपट्टी में प्रधानमंत्री का कार्यक्रम प्रस्तावित है.
गंगा पर बने इस छह लेन पुल के शुरू होने से पटना और उत्तर बिहार के बीच सड़क संपर्क मजबूत होगा. खासकर वैशाली, हाजीपुर, राघोपुर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है. पुल चालू होने से यात्रा की दूरी और समय कम करने, यातायात दबाव घटाने तथा क्षेत्रीय विकास और व्यापारिक गतिविधियों को गति देने में मदद मिलेगी.
लोकार्पण समारोह को लेकर प्रशासन सुरक्षा, यातायात और आयोजन संबंधी तैयारियों में जुटा है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।