Live

BIHAR CRIME

मुजफ्फरपुर में दिल दहला देने वाली घटना, दो बच्चों के साथ मां ने की आत्महत्या की कोशिश, मां-बेटी की मौत, डेढ़ साल का मासूम बचा

D
Deepak Kumarलेखक

मुजफ्फरपुर में दर्दनाक घटना: मां और चार साल की बेटी की मौत, डेढ़ साल का बेटा सुरक्षित मिला
गोल्ड लोन की किस्त चुकाने को लेकर परिवार में चल रहा था तनाव, बंद कमरे में मिले मां-बेटी के शव
पुलिस और एफएसएल की टीम जांच में जुटी, पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए दोनों शव
मुजफ्फरपुर:
बिहार के मुजफ्फरपुर में एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। सदर थाना क्षेत्र के पताही जगन्नाथ स्थित लक्ष्मी नगर मोहल्ले में एक महिला और उसकी चार वर्षीय बेटी की मौत हो गई, जबकि डेढ़ साल का बेटा सुरक्षित मिला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महिला ने अपने दोनों बच्चों के साथ जान देने की कोशिश की थी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस और एफएसएल की टीम मामले की जांच में जुटी है।

मृतकों की पहचान पारू थाना क्षेत्र के चिंतावनपुर निवासी निर्भय कुमार की 28 वर्षीय पत्नी रीना कुमारी और उनकी चार वर्षीय बेटी आकृति कुमारी के रूप में हुई है। निर्भय कुमार पेशे से निजी शिक्षक हैं। वह अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ पताही जगन्नाथ के लक्ष्मी नगर मोहल्ले में किराये के मकान में रहते थे।

गोल्ड लोन को लेकर चल रहा था पारिवारिक तनाव
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, निर्भय कुमार ने अपनी बहन की शादी के लिए पत्नी के गहनों पर गोल्ड लोन लिया था। बताया जा रहा है कि लोन की ईएमआई चुकाने में परेशानी हो रही थी। इसके कारण परिवार पर आर्थिक दबाव बढ़ रहा था और इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच तनाव और विवाद की स्थिति बनी हुई थी। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

दरवाजा खोलने पर सामने आया दर्दनाक मंजर
बताया जाता है कि घटना के समय निर्भय कुमार किसी काम से घर से बाहर गए हुए थे। जब वह वापस लौटे तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी प्रयास के बावजूद दरवाजा नहीं खुलने पर उन्होंने डायल 112 पर पुलिस और परिजनों को सूचना दी।

सूचना मिलने के बाद सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा खुलवाया। अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए। कमरे में रीना कुमारी और उनकी चार वर्षीय बेटी आकृति की मौत हो चुकी थी, जबकि डेढ़ साल का बेटा सुरक्षित मिला।

एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की जानकारी मिलने पर एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने मां और बेटी के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) भेज दिया है।

फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के आधार पर घटना की परिस्थितियों तथा वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

मुजफ्फरपुर से रवि रंजन की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें