BIHAR NEWS
मुजफ्फरपुर में महिला का आपत्तिजनक वीडियो बना करने लगा ब्लैकमेल, घर में घुसकर रेप की कोशिश, आरोपी गिरफ्तार
मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर से एक महिला को ब्लैकमेल करने,शारीरिक शोषण का प्रयास करने और मारपीट करने का मामला सामने आया है. यह घटना सिकंदरपुर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है. पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार,आरोपी संजीव पटेल ने लगभग तीन साल पहले महिला का आपत्तिजनक वीडियो बना लिया था. इसके बाद वह वीडियो वायरल करने की धमकी देकर महिला को ब्लैकमेल कर रहा था और उस पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाल रहा था. जब महिला ने आरोपी से संपर्क बंद कर दिया,तो उसने उसके फोटो और वीडियो मोहल्ले में दिखाकर उसे बदनाम करने की कोशिश की.
आरोप है कि मंगलवार को आरोपी जबरन महिला के घर में घुस गया और उसके साथ जोर-जबरदस्ती करने लगा. जब महिला के पति ने विरोध किया,तो आरोपी ने उनके साथ भी मारपीट की और उनका गला दबाने का प्रयास किया. शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे,जिसके बाद पति-पत्नी की जान बची. घटना के दौरान महिला के गले से सोने का ढोलना गायब होने का भी आरोप है.
इसके अलावा,पुलिस के पास शिकायत करने पर आरोपी के भाई संतोष पटेल पर पति-पत्नी को जान से मारने और उनके बच्चे का अपहरण करने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है. पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है.
मुजफ्फरपुर से रविरंजन कुमार की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।