Live

BIG NEWS

मुजफ्फरपुर में गैस पाइपलाइन ब्लास्ट से मचा हड़कंप, एक युवक की मौत, 10 से अधिक घायल, कई मकान और गाड़ियां आग की चपेट में

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

मुजफ्फरपुर : बड़ी खबर बिहार के मुजफ्फरपुर से है जहां सोमवार को गैस पाइपलाइन फटने से बड़ा हादसा हो गया. दरअसल सदर थाना क्षेत्र के गोबरसही-डुमरी इलाके में नाला निर्माण के दौरान जेसीबी से खुदाई करते समय भूमिगत पीएनजी गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई. इसके बाद गैस रिसाव हुआ और जोरदार धमाका हो गया. हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक लोगों के घायल होने की सूचना है.

धमाके के बाद कई घरों में लगी आग

विस्फोट इतना जोरदार था कि आसपास के करीब 10 घर आग की चपेट में आ गए. एक थार गाड़ी, डाक विभाग की पार्सल वैन और आधा दर्जन बाइक जल गईं. नाला निर्माण में लगी जेसीबी मशीन भी आग से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. धमाके के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

डेढ़ से दो घंटे तक गैस रिसाव का आरोप

स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य में लापरवाही का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के बाद करीब डेढ़ से दो घंटे तक गैस का रिसाव होता रहा, लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं हुई. स्थानीय लोगों के मुताबिक, उन्होंने पहले भी जेसीबी से खुदाई को लेकर सावधानी बरतने की बात कही थी.

प्रशासन और दमकल की टीम मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया. जिला अग्निशमन पदाधिकारी प्रज्ञा शरण के मुताबिक, गैस पाइपलाइन का कनेक्शन काट दिया गया है और आग पर काबू पा लिया गया है.

मुजफ्फरपुर के एसडीएम उत्सव आनंद ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. वहीं केंद्रीय जलशक्ति राज्य मंत्री एवं स्थानीय सांसद डॉ. राजभूषण चौधरी निषाद ने घटना पर दुख जताते हुए निष्पक्ष जांच और लापरवाही सामने आने पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.

संजय कुमार की रिपोर्ट-

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें