BIHAR NEWS
मुजफ्फरपुर में CM सम्राट चौधरी ने किया 140.95 करोड़ के मेगा लेदर पार्क का उद्घाटन, लोगों को उत्साहित देख पैदल चले मुख्यमंत्री
मुजफ्फरपुर : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी गुरुवार को मुजफ्फरपुर पहुंचे. उन्होंने मोतीपुर के महवल स्थित बियाडा औद्योगिक क्षेत्र में 140.95 करोड़ रुपये की लागत से बने मेगा लेदर, फुटवियर एवं एक्सेसरीज पार्क का उद्घाटन किया. इसके साथ ही करीब 15.94 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित कॉमन फैसिलिटी सेंटर यानी CFC का भी उद्घाटन किया गया. इस सेंटर से छोटे और मझोले उद्यमियों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी और MSME क्षेत्र को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह, मंत्री केदार गुप्ता, मंत्री रमा निषाद समेत स्थानीय सांसद, विधायक और बिहार सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. उद्योग विभाग और बियाडा की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए.
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लेदर पार्क के मुख्य द्वार पर फीता काटकर उद्घाटन किया. इसके बाद उन्होंने परिसर में दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की. इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक सौंपे और भूमिहीन परिवारों को वासगीत पर्चा भी वितरित किया. मुख्यमंत्री ने जीविका दीदियों से बातचीत की और उनके स्टॉल का निरीक्षण कर उनके कार्यों की जानकारी ली.
मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर से पहुंचने की सूचना पर कार्यक्रम स्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई. मुख्यमंत्री के काफिले को देखकर लोग उत्साहित नजर आए. भीड़ के उत्साह को देखते हुए मुख्यमंत्री अपने कारकेड से उतर गए और पैदल चलते हुए लोगों का अभिवादन करते हुए उद्घाटन स्थल तक पहुंचे.
महवल में स्थापित इस मेगा लेदर पार्क में चमड़े से बैग, जूते और अन्य उत्पादों का निर्माण किया जाएगा. इसके लिए आधुनिक मशीनें लगाई गई हैं. इस परियोजना से क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ करीब2100लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद है. अब देखना होगा कि इस परियोजना के शुरू होने से स्थानीय युवाओं और छोटे उद्यमियों को कितना लाभ मिलता है.
मुजफ्फरपुर से संवाददाता रविरंजन कुमार की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।