Live

कैद में हैं माता 'सीता',

मुजफ्फरपुर में मुक्ति के लिए हो रहा भगवान राम का इंतजार

A
Arun Chourasiaलेखक

MUZAFFARPUR:- त्रेतायुग में रावण के कैद से मुक्त हुई माता सीता इन दिनों पुलिस की कैद में हैं। जी हाँ, ये सच है। मुजफ्फरपुर पुलिस ने मां जानकी को कैद करके रखा है।हाजत में कैद से बाहर लाने के लिए कोर्ट से आदेश आ चुका है, उसके बाद भी पुलिस इस मामले पर संज्ञान नहीं ले रही है।इससे स्थानीय लोग काफी निराश और गुस्से में हैं.


पूरे मामले की बात करें तो मुजफ्फरपुर में पिछले सात वर्षों से साहेबगंज थाना के मालखाना में धूल फांक रही माता सीता और लक्ष्मण जी की मूर्तियों को कोर्ट के रिलीज ऑर्डर के बाद भी आजादी नहीं मिल पाई है। साहेबगंज बाजार के प्रताप पट्टी मोहल्ला स्थित बलराम दास राम जानकी मंदिर का जीर्णोद्धार कार्य चल रहा था। इसी क्रम में मंदिर का दरवाजा तोड़ कर चोरों ने अष्टधातु की माता सीता और लक्ष्मण जी की मूर्तियां चोरी कर ली थी। इसको लेकर 22 जून 2016 को साहेबगंज थाना में मंदिर के पुजारी दयानंद मित्र ने मूर्ति चोरी की एफआईआर दर्ज कराई है।


शायद भगवान का डर कहिए या फिर पुलिस दबिश का नतीजा, चोरों ने दो दिनों के बाद दास पोखर जिराती टोला परिसर में दोनों मूर्तियों को फेंक दिया। चोरी की घटना के मात्र दो दिन बाद ही मूर्तियों को बरामद कर साहेबगंज पुलिस अपनी पीठ थपथपाते हुए घूम रही थी। पुलिस ने उन मूर्तियों को जब्त कर थाना में रख दिया था।


इसके बाद पुजारी ने 20 मार्च 2017 को उप खण्ड न्यायिक दंडाधिकारी पश्चिमी के यहां मूर्ति रिलीज कराने की गुहार लगाई। वही कोर्ट ने 23 मार्च 2017 को थाना से प्रतिवेदन मांगा। तत्कालीन थानाध्यक्ष नवीन कुमार ने 28 मार्च 2017 को कोर्ट में प्रतिवेदन समर्पित किया। मंदिर संचालन समिति के अध्यक्ष प्रेमचंद जायसवाल ने बताया कि 27 अप्रैल 2023 को कोर्ट ने रिलीज ऑर्डर जारी किया। पुजारी और मंदिर समिति के लोग कोर्ट का रिलीज ऑर्डर लेकर मूर्तियां रिलीज कराने हेतु थाना का चक्कर लगाते लगाते थक चुके हैं पर मूर्तियां रिलीज नहीं की जा रही है.

स्थानीय लोग कहते हैं तेत्रायुग की सीता रावण के कैद से भले आजाद हो गईं थी,पर मुजफ्फरपुर में मां जानकी की मूर्ति पुलिस के कब्जे से कब आजाद होगी,इस सवाल का जवाब स्थानीय लोग ढूंढ रहें हैं.

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें