BIG BREAKING
मोकामा विधायक अनंत सिंह की विधायकी पर संकट, जेडीयू की शिकायत पर विधानसभा का नोटिस, सात दिनों में देना होगा जवाब
पटना : बिहार की सियासत में मोकामा विधायक अनंत सिंह की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही है. बिहार विधानसभा ने उन्हें नोटिस जारी कर सात दिनों के भीतर जवाब मांगा है. यह नोटिस पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोपों को लेकर जारी किया गया है. विधानसभा सचिव संजय कुमार सिंह ने विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार के निर्देश पर नोटिस जारी किया है. सोमवार को अनंत सिंह ने नोटिस प्राप्त कर लिया.
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, पूरा विवाद पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद चुनाव से जुड़ा है. इस चुनाव में जेडीयू ने अपने वरिष्ठ नेता और विधान परिषद सदस्य नीरज कुमार को आधिकारिक उम्मीदवार बनाया था. वहीं, जन सुराज की ओर से अनुज सिंह चुनाव मैदान में थे. आरोप है कि मोकामा विधायक अनंत सिंह ने अपनी पार्टी के आधिकारिक उम्मीदवार नीरज कुमार का समर्थन करने के बजाय जन सुराज प्रत्याशी अनुज सिंह के पक्ष में प्रचार किया था.
जेडीयू ने इसे पार्टी के अनुशासन और निर्देशों का उल्लंघन माना. इसके बाद पार्टी ने अनंत सिंह के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी.
जेडीयू ने स्पीकर से की थी शिकायत
जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार को लिखित आवेदन देकर अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता समाप्त करने की मांग की थी. पार्टी ने अपने आरोपों के समर्थन में अखबारों की कटिंग, सीडी और अन्य दस्तावेज भी सौंपे थे. इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष ने मामले में आगे की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया.
छह साल के लिए पार्टी से हो चुके हैं निष्कासित
गौरतलब है कि 24 अक्टूबर 2026 को जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने अनंत सिंह को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया था. उनकी प्राथमिक सदस्यता भी समाप्त कर दी गई थी. उन पर पार्टी के निर्देशों की अवहेलना, वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ अमर्यादित भाषा के इस्तेमाल और एमएलसी चुनाव में आधिकारिक उम्मीदवार के खिलाफ प्रचार करने के आरोप लगाए गए थे.
अब आगे क्या होगा?
विधानसभा के नोटिस के बाद अब अनंत सिंह को सात दिनों के भीतर अपना पक्ष रखना होगा. उनके जवाब और उपलब्ध दस्तावेजों की जांच के बाद विधानसभा अध्यक्ष आगे का निर्णय लेंगे. फिलहाल उनकी विधायकी समाप्त नहीं हुई है, लेकिन सदस्यता को लेकर राजनीतिक और कानूनी प्रक्रिया शुरू हो गई है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।