BIG NEWS
मोकामा में घुड़दौड़ देखने पहुंचे 3 लोगों की मौत, मचा हड़कंप
पटना : बिहार के मोकामा विधायक अनंत सिंह की ओर से आयोजित घुड़दौड़ प्रतियोगिता के दौरान तीन लोगों की मौत से इलाके में हड़कंप मच गया. पटना जिले के नदवां गांव में 25 नवंबर को आयोजित इस प्रतियोगिता को देखने के लिए हजारों की संख्या में लोग जुटे थे. इस दौरान एक व्यक्ति की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई, जबकि प्रतियोगिता स्थगित होने के बाद घर लौट रहे दो युवकों की सड़क हादसे में जान चली गई.
जानकारी के अनुसार, घुड़दौड़ प्रतियोगिता देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे. इसी दौरान भीड़ के बीच करीब 55 वर्षीय व्यक्ति की अचानक तबीयत बिगड़ गई. आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है. उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी आधिकारिक पुष्टि भी नहीं हुई है.
वहीं, घुड़दौड़ प्रतियोगिता स्थगित होने के बाद बाइक से अपने घर लौट रहे दो युवकों की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई. सरमेरा थाना क्षेत्र के स्टेट हाईवे-33 पर इसुआ गांव के पास दो बाइकों के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई. हादसे में बेलदरिया गांव निवासी 28 वर्षीय जितेंद्र कुमार और 27 वर्षीय शिवशंकर कुमार की मौत हो गई. दुर्घटना में तीन अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
घटना के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल कायम हो गया. घुड़दौड़ स्थल से अस्पताल तक करीब 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया. जाम हटाने और यातायात सामान्य कराने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी. लगातार हुई तीन मौतों से स्थानीय लोगों में शोक और चिंता का माहौल है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।