BIHAR NEWS
MLC चुनाव में व्यक्तिगत आरोपों की एंट्री, संजीव कुमार और नवल किशोर यादव के बीच सियासी टकराव तेज
पटना: बिहार में विधान परिषद चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है. इसी बीच पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से राजद समर्थित प्रत्याशी डॉ. संजीव कुमार के एक बयान ने राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है. उन्होंने दावा किया है कि मोकामा के जदयू विधायक अनंत सिंह ने पटना के सेंट्रल मॉल में भाजपा के विधान पार्षद नवल किशोर यादव की पिटाई की थी.
डॉ. संजीव कुमार के मुताबिक,कथित घटना के दौरान नवल किशोर यादव को बांधकर गाड़ी में बैठाया गया और वहां से हटाया गया था. हालांकि,यह आरोप संजीव कुमार के बयान पर आधारित है और इसकी स्वतंत्र पुष्टि सामने नहीं आई है.
23अक्टूबर को परिवर्तन दिवस मनाने का ऐलान
राजद समर्थित प्रत्याशी ने कहा कि23अक्टूबर को परिवर्तन होगा और इस दिन को परिवर्तन दिवस के रूप में मनाया जाएगा. उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी नवल किशोर यादव के व्यवहार पर सवाल उठाते हुए कहा कि शिक्षक समाज के प्रतिनिधि को अनुशासित और सम्मानजनक व्यवहार करना चाहिए.
संजीव कुमार ने आरोप लगाया कि नवल किशोर यादव शिक्षकों के सामने गुटखा खाकर थूकते हैं. उन्होंने दावा किया कि इस बार शिक्षक समाज को मजबूत और दमदार प्रतिनिधित्व का विकल्प मिला है.
चुनावी मुकाबले में बढ़ी बयानबाजी
डॉ. संजीव कुमार ने नवल किशोर यादव पर शिक्षकों के स्वाभिमान को ठेस पहुंचाने का भी आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि इस बार शिक्षक समाज बदलाव के पक्ष में है और चुनाव में इसका असर देखने को मिलेगा.
बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर चुनावी प्रक्रिया के बीच इस तरह के बयानों से राजनीतिक माहौल और गरमा गया है. अब सबकी नजर23अक्टूबर को होने वाले मतदान और उसके नतीजों पर है. चुनाव में शिक्षक मतदाताओं का रुख दोनों पक्षों के लिए अहम माना जा रहा है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।