BIHAR NEWS
MLC चुनाव अपडेटः बेगूसराय में संजय सरावगी और गिरिराज सिंह ने प्रत्याशियों के समर्थन में मांगे वोट
बेगूसराय: हर्ष गार्डेन में दरभंगा स्नातक और दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद चुनाव को लेकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) का चुनावी कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार, मिथिलेश कुमार और संजय पासवान सहित NDA के उम्मीदवार सर्वेश कुमार और घनश्याम राय मौजूद रहे। इसके अलावा कई विधायक, पूर्व विधायक और मतदाताओं ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
शिक्षकों,स्नातकों और बिहार के विकास को लेकर NDAने गिनाईं उपलब्धियां
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि विधान परिषद चुनाव मेंNDA प्रत्याशियों के समर्थन में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है। उन्होंने दावा किया किNDA सरकार ने शिक्षकों, स्नातकों और बिहार के विकास के लिए लगातार काम किया है।
उन्होंने कहा कि राज्य में शिक्षण संस्थानों, कॉलेजों और विद्यालयों का विस्तार हुआ है। इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्य किए गए हैं। संजय सरावगी ने मतदाताओं से सरकार के कामकाज के आधार परNDA प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
महागठबंधन पर साधा निशाना,एकजुटता का किया दावा
चुनावी कार्यक्रम के दौरान संजय सरावगी ने महागठबंधन पर भी निशाना साधा। उन्होंने महागठबंधन के अलग-अलग चुनाव लड़ने को लेकर विपक्षी एकता पर सवाल उठाए और दावा किया किNDA पूरी तरह एकजुट है, जबकि महागठबंधन में बिखराव है।
उन्होंने कहा कि चुनाव मेंNDA एकजुट होकर अपने प्रत्याशियों के समर्थन में काम कर रहा है। उनके मुताबिक, विपक्षी दलों के बीच आपसी तालमेल की कमी मतदाताओं के सामने स्पष्ट है।
प्रशांत किशोर पर भी किया हमला
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने प्रशांत किशोर पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह बिहार की जनता को गुमराह करते हैं। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता न तो महागठबंधन और न ही प्रशांत किशोर के झांसे में आने वाली है।
कार्यक्रम के दौरानNDA नेताओं ने दोनों विधान परिषद निर्वाचन क्षेत्रों में अपने प्रत्याशियों के समर्थन में मतदाताओं से संपर्क साधने और सरकार के कार्यों को जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया। चुनावी कार्यक्रम को आगामी विधान परिषद चुनाव के मद्देनजर गठबंधन की रणनीति और मतदाताओं को अपने पक्ष में लामबंद करने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।
बेगूसराय से सौरभ कुमार की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।