Live

BIG NEWS

मेहंदीगंज में खाना बनाने के दौरान गैस रिसाव से मां और 3 बच्चे झुलसे, NMCH में भर्ती

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

Patna: पटनासिटी के मेहंदीगंज थाना क्षेत्र के रानीपुर नीमतल मोहल्ले में सोमवार देर रात खाना बनाने के दौरान गैस रिसाव होने से महिला और उसके तीन बच्चे झुलस गए. अचानक गैस फैलने के बाद आग की चपेट में आने से घर में अफरातफरी मच गई. घटना के बाद आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को इलाज के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एनएमसीएच) पहुंचाया, जहां चारों का इलाज चल रहा है.

घटना की सूचना मिलते ही मेहंदीगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गैस सिलेंडर से किस कारण अचानक गैस का रिसाव हुआ और आग कैसे लगी.

बताया जाता है कि सोमवार देर रात रानीपुर नीमताल मोहल्ले में रोहिणी देवी (30) अपने घर की रसोई में खाना बना रही थी. इसी दौरान उनके तीन बच्चे भी मां के आसपास मौजूद थे. बच्चों में रितिक कुमार (7), सृष्टि कुमारी (9) और स्वीटी कुमारी (10) शामिल हैं. खाना बनाने के दौरान अचानक गैस का रिसाव शुरू हो गया. देखते ही देखते रसोई में गैस फैल गई और आग की चपेट में आने से रोहिणी देवी सहित तीनों बच्चे झुलस गए.

अचानक हुई इस घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई. शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल आग की चपेट में आए चारों को बाहर निकाला. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए एनएमसीएच ले जाया गया. अस्पताल में सभी का उपचार किया जा रहा है.

मेहंदीगंज थानाध्यक्ष ने बताया कि खाना बनाने के दौरान गैस रिसाव होने से महिला और उसके तीन बच्चों के झुलसने की जानकारी मिली है. सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है. गैस रिसाव के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है.

उमेश चौबे की रिपोर्ट--

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें