BIHAR NEWS
मंत्री श्रवण कुमार ने किया खो-खो प्रतियोगिता का उद्घाटन, मेजबान कॉलेज की महिला टीम सेमीफाइनल में
नालंदा : ग्रामीण विकास विभाग तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री श्रवण कुमार शुक्रवार को नालंदा के हिलसा में स्थित श्रीचन्द उदासीन महाविद्यालय पहुंचे. यहां उन्होंने पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय अंतर महाविद्यालय पुरुष/महिला खो-खो प्रतियोगिता 2026 का उद्घाटन किया. इस मौके पर नालंदा सांसद कौशलेन्द्र कुमार, हिलसा विधायक कृष्ण मुरारी शरण उर्फ प्रेम मुखिया, पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. उपेन्द्र प्रसाद सिंह और प्राचार्य प्रो. शिवचन्द्र सिंह मौजूद रहे.
प्रतियोगिता के पहले दिन महिला वर्ग में रोमांचक मुकाबले खेले गए. मेजबान एस.यू. कॉलेज, हिलसा की महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बना ली.
खेल मानसिक एवं शारीरिक विकास के लिए जरूरी
इस अवसर पर अपने संबोधन में मंत्री ने कहा कि खेलों से हमारे अंदर स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और मानसिक मजबूती आती है. खेल हमारे मानसिक एवं शारीरिक विकास के लिए आवश्यक हैं. उन्होंने प्रतिभागियों से हाथ मिलाकर परिचय प्राप्त किया और उद्घाटन मैच का टॉस उछालकर प्रतियोगिता की शुरुआत कराई. उन्होंने कहा कि हिलसा अनुमंडल में हॉकी खेल को बढ़ावा देने के लिए वे पहल कर पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के कुलपति से बात करेंगे.
प्रतियोगिता के उद्घाटन मैच में गंगा देवी महिला कॉलेज ने ए.एन. कॉलेज की महिला टीम को हराकर जीत से आगाज किया.
एस.यू. कॉलेज हिलसा 1 पारी और 10 पॉइंट से जीता
दूसरे मैच में मेजबान एस.यू. कॉलेज, हिलसा ने डिग्री कॉलेज राजगीर को 1 पारी और 10 पॉइंट से करारी शिकस्त दी. इस मैच की हीरो 12 नंबर की जर्सी वाली खिलाड़ी तनु रहीं. तनु ने शानदार डिफेंस करते हुए विरोधी टीम के धावकों को एक-एक कर पवेलियन भेजा और टीम को 1 इनिंग व 10 पॉइंट से जीत दिलाई. उनके खेल पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं.
महिला वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबले तय
महिला वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबले तय हो गए हैं. पहला सेमीफाइनल एस.यू. कॉलेज हिलसा बनाम आर.पी.एम. पटना सिटी और दूसरा सेमीफाइनल गंगा देवी महिला कॉलेज बनाम जे.डी. वीमेंस कॉलेज के बीच खेला जाएगा.
आयोजकों के अनुसार, आर.पी.एम. और जे.डी. वीमेंस कॉलेज को स्टैंड-बाय मिला है, क्योंकि महाबोधि नालंदा और एम.एस. कॉलेज नौबतपुर की टीम समय पर नहीं पहुंच पाई.
शनिवार को होगा सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबला
प्रतियोगिता को देखने के लिए मैदान में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और खेल प्रेमी मौजूद थे. शनिवार को सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले के बाद पुरस्कार वितरण समारोह के साथ प्रतियोगिता का समापन होगा.
राजीव रंजन की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।