Live

BIHAR NEWS

मंत्री डॉ. रामचंद्र प्रसाद ने किया मानसरोवर झील का उद्घाटन , बोले- पर्यटन को बढ़ावा, रोजगार के खुलेंगे अवसर, नए साल में बनेगी पिकनिक का नया ठिकाना

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

सुपौल : जिले के इंडो-नेपाल सीमा से सटे वीरपुर को पर्यटन के क्षेत्र में बुधवार को बड़ी सौगात मिली है. बिहार के वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. रामचंद्र प्रसाद ने मानसरोवर झील का विधिवत उद्घाटन कर आम लोगों और पर्यटकों को समर्पित किया. करीब 12 करोड़ रुपये की लागत से विकसित इस झील के शुरू होने से अब वीरपुर सहित पूरे सुपौल जिले में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है. नए साल में यह झील परिवार और दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने के लिए नया आकर्षण बनेगी.

उद्घाटन समारोह में मंत्री ने झील परिसर का निरीक्षण किया और वहां विकसित की गई सुविधाओं का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक काम है. पिछले पांच-छह वर्षों से झील बनकर तैयार थी, लेकिन इसका उद्घाटन नहीं हो पाया था. आज शुभ अवसर पर इसका उद्घाटन किया गया. उन्होंने स्पष्ट किया कि झील के निर्माण पर करीब 12 करोड़ नहीं, बल्कि लगभग 2 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं. इसके विकास और विस्तार के लिए आगे भी प्रयास किया जाएगा.

बोटिंग से लेकर जापानी गार्डन तक आकर्षण

मानसरोवर झील को आधुनिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया गया है. यहां पर्यटकों के लिए बोटिंग, बोटिंग घाट, मेडिसिनल गार्डन, पार्टी लॉन, लेक आइलैंड, बटरफ्लाई गार्डन, कैफेटेरिया, जापानी गार्डन, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और लिली पॉन्ड जैसी सुविधाएं विकसित की गई है. प्राकृतिक वातावरण के बीच लोग झील की सैर करने के साथ मनोरंजन और सुकून के पल बिता सकेंगे. पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए प्रवासी पक्षियों के सुरक्षित प्रवास पर भी विशेष ध्यान देने की बात कही गई.

2020 में शुरू हुई थी सौंदर्यीकरण की योजना

मानसरोवर झील के पुनरुद्धार और सौंदर्यीकरण की योजना वर्ष 2020 में तत्कालीन वन एवं पर्यावरण मंत्री तथा छातापुर के वर्तमान विधायक नीरज कुमार सिंह बबलू की पहल पर शुरू हुई थी. इसके लिए करीब 10 करोड़ रुपये की अग्रिम राशि उपलब्ध कराई गई थी. बाउंड्री निर्माण के लिए 1.20 करोड़ रुपये अतिरिक्त आवंटित किए गए थे. हालांकि, राशि की कमी के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हुआ और करीब 80 प्रतिशत काम पूरा होने के बाद रुक गया था. बाद में शेष राशि उपलब्ध कराकर निर्माण कार्य पूरा कराया गया.

स्थानीय कारोबार और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

मानसरोवर झील के पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होने से सुपौल के अलावा अररिया, सहरसा और पड़ोसी देश नेपाल से भी पर्यटकों के पहुंचने की उम्मीद है. इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे. होटल, रेस्टोरेंट, दुकानदारों और वाहन चालकों के कारोबार को भी लाभ मिलने की संभावना है.

कार्यक्रम में पूर्व मंत्री सह स्थानीय विधायक नीरज कुमार सिंह बबलू, त्रिवेणीगंज विधायक सोनम रानी सरदार, पिपरा विधायक रामविलास कामत, डीएम सावन कुमार, एसपी शरथ आरएस, डीएफओ आतिश कुमार, एसडीएम विनय कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद थे.

सुपौल से विष्णु कुमार गुप्ता की रिपोर्ट-

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें