Live

BIG BREAKING

मंत्री अशोक चौधरी ने छोड़ी असिस्टेंट प्रोफेसर की नौकरी, विधान परिषद सदस्यता और नियुक्ति पर विवाद के बीच इस्तीफा

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

पटना : बिहार के खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री डॉ. अशोक चौधरी ने पटना के एएन कॉलेज में सहायक प्राध्यापक (असिस्टेंट प्रोफेसर) के पद से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने अपना इस्तीफा पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय प्रशासन को भेज दिया है. विधान परिषद की सदस्यता और विश्वविद्यालय में शिक्षक पद पर एक साथ बने रहने को लेकर उठे कानूनी सवालों तथा राजभवन की आपत्तियों के बाद उनका यह फैसला सामने आया है. अब विश्वविद्यालय प्रशासन को इस्तीफे पर अंतिम निर्णय लेना है.


विश्वविद्यालय के अधिकारियों के अनुसार, इस्तीफे से जुड़े कानूनी पहलुओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा. शनिवार को इस संबंध में निर्णय लिए जाने की संभावना है. हालांकि, कुलपति और कुलसचिव ने इस मामले में फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी देने से इनकार किया है. डॉ. अशोक चौधरी की ओर से भी इस्तीफे को लेकर सार्वजनिक रूप से कोई बयान नहीं आया है.


17 फरवरी को दिया था योगदान


बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग की ओर से परिणाम जारी होने के बाद डॉ. अशोक चौधरी ने 17 फरवरी 2026 को पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के एएन कॉलेज के राजनीति विज्ञान विभाग में सहायक प्राध्यापक के रूप में योगदान दिया था. उस समय वह विधान परिषद के सदस्य होने के साथ राज्य सरकार में मंत्री भी थे. योगदान देने के अगले ही दिन उन्होंने मंत्री और विधान परिषद सदस्य के रूप में अपनी जिम्मेदारियों के निर्वहन के लिए अवैतनिक अवकाश (लियन) का आवेदन दिया था. विश्वविद्यालय प्रशासन ने शुरुआत में उनके आवेदन को स्वीकृति दी थी.


सिंडिकेट और राजभवन की आपत्ति के बाद बढ़ा विवाद


19 अगस्त को हुई विश्वविद्यालय की सिंडिकेट बैठक में उनके अवैतनिक अवकाश के आवेदन को अस्वीकृत कर दिया गया. इसके बाद मामला राजभवन पहुंचा. 31 अक्टूबर को राजभवन की ओर से उनकी नियुक्ति, परिवीक्षा अवधि और लियन की पात्रता को लेकर सवाल उठाए गए थे. इसके बाद से ही विश्वविद्यालय प्रशासन में इस मामले पर कानूनी मंथन चल रहा था.


अब इस्तीफे के बाद इस पूरे विवाद में नया मोड़ आ गया है. राजनीतिक और शैक्षणिक हलकों की नजर विश्वविद्यालय प्रशासन के अगले फैसले पर है. इस्तीफा स्वीकार होने के बाद शिक्षक पद को लेकर चल रहा विवाद समाप्त होने की दिशा में आगे बढ़ सकता है.





पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें