BIHAR NEWS
मंदार पर्वत पर युवती से छेड़छाड़ और जबरन रुपये वसूलने का मामला, वायरल वीडियो के बाद पुलिस ने 3 आरोपियों को पकड़ा
बांका: बिहार के बांका स्थित प्रसिद्ध मंदार पर्वत पर युवती से छेड़छाड़ और जबरन रुपये वसूलने का मामला सामने आया है. घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को हिरासत में लिया है. पुलिस के अनुसार,घटना 3 जुलाई 2026 की है.
बताया गया है कि युवती अपने दो दोस्तों के साथ मंदार पर्वत घूमने गई थी. इसी दौरान कुछ युवकों ने उसके साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया. वायरल वीडियो में युवकों द्वारा युवती का हाथ पकड़ने और गाली-गलौज करने की बात सामने आई है. आरोप है कि युवकों ने युवती से फोनपे के जरिए 1500 रुपये भी जबरन ट्रांसफर करवाए और पैसे लेने के बाद ही उसे और उसके दोस्तों को वहां से जाने दिया.
बांका एसपी अमितेश कुमार के मुताबिक,वायरल वीडियो 22 सितंबर को बौंसी थाना पुलिस के संज्ञान में आया. वीडियो में दिखाई दे रही जगह की पुलिस टीम ने मंदार पर्वत पहुंचकर जांच की,जिसके बाद अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई.
जांच के दौरान वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान की गई. पुलिस ने गुरुवार रात तीन युवकों को हिरासत में लिया. तीनों बाराहाट थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं. पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है.
एसपी ने बताया कि पीड़िता से भी बात कर उसका बयान दर्ज कराया गया है. मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है. बौंसी थाना में बीएनएस की धाराओं 74,75,76,3(5) और आईटी एक्ट की धारा 66ई,67ए के तहत केस दर्ज किया गया है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।