Live

JHARKHAND CRIME

मांडर के चर्चित रामू उरांव हत्याकांड का खुलासा, 13 एकड़ जमीन विवाद में हुई थी हत्या; 5 आरोपी गिरफ्तार

D
Deepak Kumarलेखक

दूध सेंटर पर गोली मारकर की गई थी हत्या,कोर्ट का फैसला रामू उरांव के पक्ष में आने से नाराज थे आरोपी;एक की तलाश जारी
रांची: राजधानी रांची के मांडर में दूध सेंटर संचालक रामू उरांव हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि करीब 13 एकड़ जमीन के विवाद में रामू उरांव की गोली मारकर हत्या की गई थी। इस मामले में पुलिस ने अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अभी भी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

29अक्टूबर को दूध सेंटर पर मारी गई थी गोली
दरअसल, 29 अक्टूबर को मांडर में रामू उरांव की उनके दूध सेंटर पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। घटना के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश में छापेमारी की।

10साल से चल रहा था 13एकड़ जमीन का विवाद
पुलिस की जांच में हत्या की वजह जमीन विवाद सामने आई है। बताया जा रहा है कि करीब 13 एकड़ जमीन को लेकर पिछले 10 वर्षों से विवाद चल रहा था। इस जमीन से जुड़े मामले में न्यायालय का फैसला रामू उरांव के पक्ष में आया था। पुलिस के अनुसार, कोर्ट का फैसला रामू उरांव के पक्ष में आने से नाराज आरोपियों ने उनकी हत्या की साजिश रची और 29 अक्टूबर को दूध सेंटर पर गोली मारकर उनकी जान ले ली।

अब तक पांच आरोपी गिरफ्तार,एक की तलाश जारी
हत्याकांड के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पहले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इसके बाद दो अन्य आरोपियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इस तरह अब तक कुल पांच आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं। वहीं, मामले में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। मांडर के इस चर्चित हत्याकांड के खुलासे के बाद पुलिस अब फरार आरोपी की गिरफ्तारी और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है।

रांची से नैयर की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें