BIHAR CRIME
महुआ में व्यवसायी से डेढ़ लाख रुपये और बाइक की लूट, पिस्टल के बल पर 5 अपराधियों ने दिया वारदात को अंजाम
वैशाली:बिहार के वैशाली जिले के महुआ थाना क्षेत्र में अपराधियों ने लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। निझमा चौक से बड़हर चौक जाने वाले मुख्य मार्ग पर दो बाइक पर सवार पांच हथियारबंद अपराधियों ने गल्ला व्यवसायी से पिस्टल के बल पर डेढ़ लाख रुपये नकद और बाइक लूट ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
व्यवसाय कर लौट रहे व्यापारी को बनाया निशाना
पीड़ित की पहचान महुआ थाना क्षेत्र के नरसिंहपुर बंगाही गांव, कुशहर पुल निवासी राजीव कुमार साह के रूप में हुई है। उनके पिता का नाम स्वर्गीय लक्ष्मण साह बताया गया है। राजीव कुमार साह गल्ला व्यवसाय से जुड़े हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, व्यवसाय से लौटने के दौरान निझमा-बड़हर चौक मार्ग पर घात लगाए अपराधियों ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद हथियार दिखाकर उनसे डेढ़ लाख रुपये नकद और उनकी बाइक छीन ली।
वारदात के बाद बड़हर चौक की ओर फरार हुए अपराधी
बताया जा रहा है कि पांचों अपराधी दो बाइक पर सवार होकर आए थे। पिस्टल के बल पर लूटपाट करने के बाद सभी अपराधी बड़हर चौक की ओर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने मामले की जानकारी पुलिस को दी।
एसडीपीओ और थाना प्रभारी ने घटनास्थल का लिया जायजा
लूट की सूचना मिलते ही महुआ एसडीपीओ पोलस्त कुमार और महुआ थानाध्यक्ष अरविंद प्रसाद पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ित से घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी ली।
अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए नाकेबंदी कर छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस अपराधियों की पहचान करने और उनके भागने के रास्तों का पता लगाने में जुटी है। पुलिस की ओर से जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने की बात कही गई है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आरोपियों की गिरफ्तारी का इंतजार किया जा रहा है।
वैशाली से रिशभ कुमार की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।