महँगाई से जनता परेशान, चीनी की कीमत 70 रुपये किलो
01,02 और 03 दिसम्बर, 2026 को जेल भरो आंदोलन करेगी भाकपा
पटना : भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य सचिव रामनरेश पाण्डेय ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में आम जनता महँगाई से परेशान हैं. खुदरा वस्तुओं की कीमतें आसमान छूने लगी है. चीनी, दाल, तेल, प्याज, सब्जी की कीमत में आग लगी हुई है. जमाखोरों की चांदी कट रही है और गरीबों की थाली से दाल-सब्जी गायब हो गई है. चाय पीना भी मुश्किल हो गया है. भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी केन्द्र और राज्य सरकार से महँगाई पर रोक लगाने और जमाखोरों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग करती है.
भाकपा राज्य सचिव ने बयान जारी कर कहा कि चीनी 70 रुपये किलो, प्याज 60 रुपये किलो, दाल 150 रुपये किलों, तेल 210 रुपये लीटर, रिफाइन 180 रुपये लीटर, चावल 70 रुपये, आटा 40 रुपये किलो मिल रहा है. कोई ऐसी उपभोक्ता वस्तु नहीं है, जिसकी कीमत नहीं बढ़ी है. लोगों की आमदनी नहीं बढ़ी है, लेकिन महँगाई आसमान छू रही है. केन्द्र की मोदी सरकार महँगाई कम करने के नाम पर सत्ता में आई थी, लेकिन मोदी सरकार में महँगाई कम होने के बजाय लगातार बढ़ती जा रही है. खाद्य वस्तुओं से लेकर निर्माण वस्तुओं की कीमत में भारी उछाल आया है. जनता महँगाई से त्रस्त है. प्रधानमंत्री को देश की गरीब जनता की नहीं, पूंजीपतियों की चिंता है.
भाकपा के राज्य सचिव ने कहा कि बढ़ती महँगाई और केन्द्र की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने 01 से 03 दिसंबर, 2026 तक ‘‘बदलाव जरूरी है’’ नारो के साथ सभी जिला मुख्यालयों पर जेल भरो आंदोलन चलायेगी. उन्होंने राज्य के आम-अवाम से जेल भरो आंदोलन में बढ़ चढ़ कर भाग लेने की अपील की है.
पटना से अंकिता सिंह की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।