BIG BREAKING
मधुबनी में बेकाबू हुआ लोगों का गुस्सा, DM आनंद शर्मा का महिलाओं ने पकड़ा कॉलर
बाबूबरही के खोजपुर में पुलिस फायरिंग के विरोध में सड़क जाम,आक्रोशित लोगों को समझाने पहुंचे थे डीएम और एसपी; ASIकी गोली से एक की मौत,तीन घायल
मधुबनी: बिहार के मधुबनी जिले के बाबूबरही में पुलिस फायरिंग की घटना के बाद लोगों का गुस्सा बेकाबू हो गया। आक्रोशित लोगों को समझाने पहुंचे जिलाधिकारी आनंद शर्मा को भी भारी विरोध का सामना करना पड़ा। खोजपुर में सड़क जाम हटवाने और लोगों को शांत कराने पहुंचे डीएम के साथ कुछ महिलाओं ने बदसलूकी की और उनका कॉलर पकड़ लिया। इस दौरान मौके पर काफी देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा।
डीएम के साथ महिलाओं की तीखी नोकझोंक,सुरक्षाकर्मियों ने किया बीच-बचाव
जानकारी के अनुसार, खोजपुर में पुलिस फायरिंग की घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर रखा था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डीएम आनंद शर्मा और एसपी योगेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे थे। इसी दौरान आक्रोशित महिलाओं ने डीएम के सामने अपना गुस्सा जाहिर किया। विरोध के बीच कुछ महिलाओं ने उनका कॉलर पकड़ लिया और उनके साथ तीखी नोकझोंक हुई। हालात बिगड़ते देख मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने हस्तक्षेप किया और किसी तरह बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला।
पुलिस पिकेट पर ASIने सर्विस रिवॉल्वर से की थी फायरिंग
गौरतलब है कि बीती देर रात बाबूबरही में पुलिस पिकेट पर तैनात एएसआई चंद्रमोहन सिंह ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से अंधाधुंध फायरिंग कर दी थी। इस घटना में चार लोगों को गोली लगी थी। इनमें एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए।
एक मौत और तीन घायलों के बाद भड़का लोगों का आक्रोश
फायरिंग की घटना के बाद से ही इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोग आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। घटना से नाराज लोगों ने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया।
प्रशासन के सामने कानून-व्यवस्था संभालने की चुनौती
घटना के बाद बाबूबरही और आसपास के इलाकों में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। डीएम और एसपी के मौके पर पहुंचने के बावजूद लोगों का गुस्सा कम होता नहीं दिखा। अब प्रशासन के सामने स्थिति को सामान्य बनाने और लोगों का भरोसा बहाल करने की चुनौती है। फिलहाल इस पूरे मामले में पुलिस फायरिंग की घटना और उसके बाद उत्पन्न तनाव को लेकर प्रशासनिक कार्रवाई पर सबकी नजर बनी हुई है।
मधुबनी से कुमार गौरव की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।