BIHAR NEWS
मधुबनी में निगरानी टीम ने यातायात DSP को 30 हजार रुपये घूस लेते किया गिरफ्तार
मधुबनी: निगरानी विभाग ने मंगलवार देर शाम यातायात डीएसपी सुजीत कुमार को30हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया.पटना से आई टीम ने मंगलवार शाम नगर भवन के सामने स्थित ट्रैफिक डीएसपी कार्यालय में यह कार्रवाई की. ट्रैफिक डीएसपी पर ट्रिपल संचालक से शहर में गाड़ियां चलाने के एवज में रिश्वत मांगे जाने का आरोप है. निगरानी विभाग की इस कार्रवाई से डीएसपी कार्यालय और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गई.
मामले में निगरानी टीम के डीएसपी पवन कुमार ने बताया कि पंडौल थाना क्षेत्र के गंधवार गांव निवासी ट्रिपल संचालक रोहित मिश्रा ने शिकायत दर्ज कराई थी. उनका आरोप था कि शहर में ट्रिपल चलाने के एवज में ट्रैफिक डीएसपी सुजीत कुमार रिश्वत मांग रहे थे.
शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने उसका सत्यापन कराया, जिसमें आरोप सही पाए गए. इसके बाद मंगलवार को योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की गई. ट्रैफिक डीएसपी ने जैसे ही रोहित मिश्रा से 30 हजार रुपये घूस लिए, इसी दौरान निगरानी टीम ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया. मधुबनी के एसएसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि पटना से आई निगरानी विभाग की टीम ने डीएसपी सुजीत कुमार को 30 हजार घूस लेते गिरफ्तार किया है.
बताया जा रहा है कि गिरफ्तारी के बाद डीएसपी जमीन पर गिरकर बेहोश हो गए.रिश्वतखोरDSP के इस हाई वोल्टेज ड्रामे की चर्चा इलाके में खूब हो रही है.वहीं निगरानी की इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप की स्थिति है. इसके बाद उन्हें आनन-फानन में मधुबनी सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां घंटों तक डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चला. बाद में निगरानी विभाग की टीम उन्हें सदर अस्पताल से पटना लेकर रवाना हो गई.
मधुबनी से कुमार गौरव की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।