Live

BIG NEWS

मधुबनी में NIA की बड़ी कार्रवाई, आतंकी कनेक्शन मामले में गिरफ्तार मौलाना इजहारुल हक की पत्नी और बेटे से पूछताछ

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

मधुबनी : बिहार के मधुबनी जिले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने आतंकी कनेक्शन से जुड़े मामले में बड़ी कार्रवाई की है. एजेंसी की टीम ने बुधवार सुबह पंडौल थाना क्षेत्र के नवटोल निवासी मौलाना इजहारुल हक की पत्नी और बेटे को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया. दोनों को स्थानीय पुलिस के सहयोग से नगर थाना लाया गया, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है.

जानकारी के अनुसार, मौलाना इजहारुल हक को इसी साल 15 जून को मध्य प्रदेश एटीएस और बिहार एटीएस की संयुक्त टीम ने मधुबनी से गिरफ्तार किया था. उस पर भोपाल से जुड़े आतंकी कनेक्शन के मामले में गंभीर आरोप लगाए गए हैं. जांच एजेंसियों को संदेह है कि वह युवाओं को आतंकी गतिविधियों से जोड़ने के लिए तैयार करता था.

इस मामले की शुरुआत 12 जून 2026 को हुई थी, जब भोपाल में मध्य प्रदेश एटीएस ने बीएनएस की धारा 152 और गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम यानी यूएपीए के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी. इसी मामले में सबसे पहले मोहम्मद फराज को भोपाल से गिरफ्तार किया गया था. इसके बाद जांच का दायरा बिहार तक पहुंचा और मधुबनी निवासी इजहारुल हक की गिरफ्तारी हुई.

अब एनआईए की टीम मौलाना की पत्नी और बेटे से पूछताछ कर रही है. सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई गिरफ्तार मौलाना के बयान और जांच में सामने आए तथ्यों के सत्यापन के लिए की गई है. एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मामले से जुड़े अन्य लोगों या गतिविधियों के संबंध में कोई महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है या नहीं.

फिलहाल पूछताछ जारी है. जांच एजेंसी की ओर से इस कार्रवाई को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.

संजय कुमार की रिपोर्ट--

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें