BREAKING NEWS
मधुबनी गोलीकांड: 48 घंटे बाद भी फरार ASI चंद्रमोहन सिंह, गिरफ्तारी के लिए 12 टीमें गठित; नेपाल में भी छापेमारी
मधुबनी: बिहार के मधुबनी जिले के चर्चित बलिराजगढ़ गोलीकांड में आरोपी एएसआई चंद्रमोहन सिंह की गिरफ्तारी पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई है। घटना के 48 घंटे बीत जाने के बाद भी आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 12 विशेष टीमों का गठन किया है, जिनमें चार टीमों को नेपाल भेजा गया है। बुधवार शाम एसएसपी योगेंद्र कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पुलिस की कार्रवाई और जांच से जुड़ी जानकारी साझा की।
गिरफ्तारी के लिए 12विशेष टीमें सक्रिय,नेपाल में भी तलाश
एसएसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी एएसआई चंद्रमोहन सिंह की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। इस अभियान में 12 विशेष टीमें लगाई गई हैं। इनमें चार टीमें नेपाल में भी उसकी तलाश कर रही हैं। एसएसपी ने कहा कि आरोपी को कानून के दायरे में लाने और मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए पुलिस हरसंभव प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोपी को फांसी की सजा दिलाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने की बात भी कही।
आरोपी के गांव में STFऔर स्थानीय पुलिस की छापेमारी
इधर, आरोपी की तलाश में बिहार एसटीएफ और स्थानीय पुलिस ने चिल्हारी गांव में छापेमारी की। बताया जा रहा है कि गुप्त सूचना के आधार पर बिहार पुलिस के जवान के घर पर पुलिस टीम पहुंची थी। करीब डेढ़ घंटे तक चली छापेमारी के बावजूद आरोपी एएसआई चंद्रमोहन सिंह पुलिस के हाथ नहीं लगा। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के बड़े भाई पप्पू राय को हिरासत में लिया।
STFने मीडिया से बातचीत करने से किया इनकार
छापेमारी के दौरान बिहार एसटीएफ की टीम ने मीडिया से इस पूरे मामले में कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। टीम के सदस्यों ने बताया कि इस संबंध में उनके वरीय अधिकारी ही आधिकारिक जानकारी देंगे।
पुलिस की कार्रवाई पर टिकी सबकी निगाहें
बलिराजगढ़ गोलीकांड के बाद आरोपी एएसआई का फरार रहना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है। एक ओर बिहार में विशेष टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं, वहीं दूसरी ओर नेपाल में भी उसकी तलाश जारी है। अब सबकी निगाहें पुलिस की अगली कार्रवाई और आरोपी की गिरफ्तारी पर टिकी हैं। पुलिस की जांच के बाद ही गोलीकांड से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।
बक्सर से बबलू उपाध्याय की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।