मधुबनी फायरिंग कांड
फरार ASI चंद्रमोहन सिंह पर 25 हजार का इनाम घोषित, आज ही पुलिस सेवा से होंगे बर्खास्त, गिरफ्तारी के लिए 5 सदस्यीय विशेष टीम गठित
मधुबनी : बिहार के मधुबनी जिले के बलिराजगढ़ गांव में पुलिसकर्मी की फायरिंग से महिला समेत 2 लोगों की मौत और कई ग्रामीणों के घायल होने के मामले में पुलिस मुख्यालय ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है. घटना में आरोपित और फरार चल रहे एएसआई चंद्रमोहन सिंह को निलंबित कर दिया गया है. पुलिस की ओर से उसे आज ही सेवा से बर्खास्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी. वहीं, उसकी गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है.
एसएसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी एएसआई की गिरफ्तारी के लिए पांच सदस्यीय विशेष टीम गठित की गई है. पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि चंद्रमोहन सिंह के संबंध में कोई भी जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें. सूचना देने वाले व्यक्ति को 25 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा.
एसएसपी ने बताया कि इस मामले में बाबूबरही थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए स्पीडी ट्रायल के माध्यम से आरोपी को कड़ी सजा दिलाने का प्रयास करेगी. साथ ही लोगों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई है.
पहले भी विवादों में रहा है आरोपी एएसआई
चंद्रमोहन सिंह इससे पहले मधवापुर थाना क्षेत्र में डायल-112 की टीम में तैनात था. 12 जुलाई 2025 को शराब तस्करी के संदेह में बाइक सवार दो युवकों का पीछा करने के दौरान डायल-112 वाहन की बाइक से टक्कर हो गई थी. इस हादसे में एक नाबालिग की मौत हो गई थी. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया था और पुलिस पर पथराव की घटना भी हुई थी. उस समय भी पुलिस की ओर से गोली चलाए जाने की बात सामने आई थी.
पुरातात्विक स्थल की सुरक्षा में थी तैनाती
मई 2026 में बलिराजगढ़ खुदाई स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और पुरातात्विक अवशेषों की चोरी रोकने के लिए पुलिस पिकेट स्थापित की गई थी. इसी के तहत एएसआई चंद्रमोहन सिंह सहित पुलिसकर्मियों की वहां तैनाती की गई थी.
फिलहाल आरोपी फरार है और पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है. इस घटना ने पुलिसकर्मियों की जवाबदेही और कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।