Live

BREAKING NEWS

मधुबनी बॉर्डर पर दो घंटे तक रुकी नवदंपति की विदाई, SSB की सख्ती से भड़के लोग; जांच के बाद मिली जाने की अनुमति

D
Deepak Kumarलेखक

नेपाल से भारतीय ससुराल जा रहे नवविवाहित जोड़े को उम्र का प्रमाण नहीं देने पर रोका गया, बेटी-रोटी के रिश्तों का हवाला देकर स्थानीय लोगों ने जताई नाराजगी

मधुबनी: भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा जांच के दौरान शुक्रवार को पेठियागाछी बॉर्डर पर उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब शादी के बाद भारतीय ससुराल जा रहे एक नवविवाहित जोड़े को एसएसबी के जवानों ने रोक लिया। उम्र का प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने में देरी के कारण दूल्हा-दुल्हन को करीब दो घंटे तक सीमा पर इंतजार करना पड़ा। घटना की जानकारी मिलने के बाद दोनों देशों के सीमावर्ती इलाकों के लोग मौके पर जुट गए और एसएसबी की कार्रवाई पर नाराजगी जताई।

शादी के बाद विदाई के दौरान रोका गया जोड़ा

जानकारी के अनुसार, नेपाल के महोत्तरी जिले के मटिहानी नगरपालिका अंतर्गत धीरापुर निवासी युवती की शादी गुरुवार रात दरभंगा जिले के एक गांव के युवक से हुई थी। शुक्रवार सुबह शादी की रस्मों के बाद नवदंपति भारतीय ससुराल के लिए रवाना हुए थे।

इसी दौरान पेठियागाछी बॉर्डर पर जांच के दौरान एसएसबी जवानों ने संदेह के आधार पर दोनों को रोक लिया और उम्र का प्रमाण मांगा। युवक ने अपना दस्तावेज तत्काल दिखा दिया, लेकिन शादी की व्यस्तता के कारण दुल्हन का प्रमाणपत्र तुरंत उपलब्ध नहीं हो सका। इसके चलते दोनों को करीब दो घंटे तक सीमा पर रुकना पड़ा।

दोनों देशों के स्थानीय लोगों ने जताया विरोध

नवदंपति को लंबे समय तक रोके जाने की खबर फैलते ही भारत और नेपाल के सीमावर्ती इलाकों के लोग मौके पर पहुंच गए। नेपाल के सामाजिक कार्यकर्ता अशोक ठाकुर, अली हसन समेत कई स्थानीय लोगों ने इस कार्रवाई पर आपत्ति जताई।

मामले की जानकारी मिलने पर एसएसबी के असिस्टेंट कमांडेंट विकास कुमार दुहन भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझाया और आवश्यक जांच की प्रक्रिया पूरी होने के बाद नवदंपति को जाने की अनुमति दे दी।

सुरक्षा के साथ मानवीय संवेदनशीलता की मांग

स्थानीय लोगों का कहना है कि भारत और नेपाल के बीच सुरक्षा जांच जरूरी है और इसका सभी को सम्मान करना चाहिए। लेकिन दोनों देशों के बीच पीढ़ियों से चले आ रहे बेटी-रोटी के सामाजिक, पारिवारिक और वैवाहिक रिश्तों को भी ध्यान में रखा जाना चाहिए।

लोगों ने एसएसबी और नेपाल की एपीएफ से अपील की कि सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ मानवीय संवेदनशीलता का भी ध्यान रखा जाए, ताकि आम लोगों और खासकर शादी-विवाह जैसे पारिवारिक अवसरों पर किसी को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। फिलहाल, इस घटना के बाद भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा जांच और स्थानीय सामाजिक संबंधों के बीच संतुलन बनाए रखने को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

मधुबनी से कुमार गौरव की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें