BREAKING NEWS
मां तुतला भवानी महोत्सव में सजी सांस्कृतिक संध्या, आर्यन बाबू और कल्पना पटवारी के गीतों पर झूमे दर्शक
रोहतास:पर्यटन विभाग और रोहतास जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में यूको पर्यटन स्थल मां तुतला भवानी महोत्सव के अवसर पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस दौरान चर्चित कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। महोत्सव में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने किया उद्घाटन
सांस्कृतिक कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा,पुलिस अधीक्षक मिस्टर राज,डीएफओ स्टालिन फिडल,एमएलसी निवेदिता सिंह और सासाराम की विधायक स्नेहलता सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यटन स्थल की पहचान को बढ़ावा देने के साथ क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को सामने लाना रहा।
कलाकारों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां
महोत्सव के दौरान चर्चित कलाकार आर्यन बाबू,कल्पना पटवारी,दीपक ठाकुर और मास्टर ठाकुर ने अपनी प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में रंग भर दिया। कलाकारों ने भक्ति गीतों सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया।
भोजपुरी कलाकार आर्यन बाबू ने देवी भक्ति गीतों के साथ छठ गीत भी प्रस्तुत किए। उनकी प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
पर्यटन को बढ़ावा देने में सहायक होगा महोत्सव: निवेदिता सिंह
एमएलसी निवेदिता सिंह ने पर्यटन विभाग और जिला प्रशासन के संयुक्त प्रयास से आयोजित कार्यक्रम की सराहना की। उन्होंने कहा कि मां तुतला भवानी जैसे पर्यटन स्थल पर इस तरह के सांस्कृतिक आयोजन से क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही,स्थानीय कला और संस्कृति को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
सांस्कृतिक जागरण के लिए आयोजन सराहनीय: आर्यन बाबू
भोजपुरी कलाकार आर्यन बाबू ने कहा कि पर्यटन विभाग और रोहतास जिला प्रशासन की ओर से पर्यटन स्थल पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाना सौभाग्य की बात है। उन्होंने इस कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिलने पर प्रसन्नता जताई।
मां तुतला भवानी महोत्सव के माध्यम से धार्मिक आस्था,लोक संस्कृति और पर्यटन को एक मंच पर लाने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम में लोगों की अच्छी भागीदारी देखने को मिली।
रोहतास से दयानंद तिवारी की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।