BREAKING NEWS
लंदन के WTM में बिहार पर्यटन के पैवेलियन का शुभारंभ, वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर राज्य की पहचान मजबूत करने की पहल
केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत और बिहार के पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने किया उद्घाटन,बोधगया से नालंदा तक के प्रमुख पर्यटन स्थलों का होगा अंतरराष्ट्रीय प्रचार
लंदन/पटना: बिहार की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। वर्ल्ड ट्रैवल मार्केट (WTM) लंदन2026 में3 नवंबर को बिहार पर्यटन के पैवेलियन का शुभारंभ किया गया। उद्घाटन समारोह में केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, बिहार के पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, राज्यसभा सांसद सुधा मूर्ति और पर्यटन निदेशक उदयन मिश्रा सहित पर्यटन विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे।
विश्वस्तरीय पर्यटन आयोजनWTM लंदन का आयोजन3 से5 नवंबर2026 तकExCeL London में किया जा रहा है। इसमें दुनिया भर के पर्यटन उद्योग से जुड़े प्रतिनिधि, टूर ऑपरेटर, होटल संचालक, ट्रैवल एजेंट और निवेशक भाग ले रहे हैं।
अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों के सामने प्रदर्शित होगी बिहार की विरासत
बिहार पर्यटन का पैवेलियन राज्य की समृद्ध ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, धार्मिक और प्राकृतिक विरासत को अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों एवं पर्यटन उद्योग से जुड़े हितधारकों के सामने प्रस्तुत करने का प्रमुख मंच बनेगा।
पैवेलियन में बोधगया, राजगीर-नालंदा, वैशाली, पाटलिपुत्र, विक्रमशिला, केसरिया स्तूप और पावापुरी सहित राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों की जानकारी दी जा रही है। इसके लिए विशेष वीडियो प्रस्तुतियों और प्रचार सामग्री का भी प्रदर्शन किया गया है।
बिहार विश्वस्तरीय पर्यटन गंतव्य-केदार प्रसाद गुप्ता
उद्घाटन समारोह में बिहार के पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने कहा कि बिहार केवल एक ऐतिहासिक प्रदेश नहीं, बल्कि बौद्ध, जैन, वैदिक और भारतीय सभ्यता की जड़ों से जुड़ा विश्वस्तरीय पर्यटन गंतव्य है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय टूर ऑपरेटरों, निवेशकों और पर्यटकों से बिहार की अनूठी सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत का अनुभव करने तथा राज्य के पर्यटन विकास में भागीदार बनने का आह्वान किया।
अंतरराष्ट्रीय टूर ऑपरेटरों के साथ होगी व्यावसायिक बैठक
पर्यटन निदेशक उदयन मिश्रा ने कहा किWTM लंदन जैसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मंच पर बिहार की भागीदारी राज्य को वैश्विक पर्यटन बाजार से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
उन्होंने बताया कि पर्यटन विभाग अंतरराष्ट्रीय टूर ऑपरेटरों, ट्रैवल एजेंटों और डेस्टिनेशन मैनेजमेंट कंपनियों के साथ बिजनेस-टू-बिजनेस (B2B) बैठकें कर नए साझेदारी अवसर तलाश रहा है। इसके माध्यम से बिहार के पर्यटन उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ावा देने और पर्यटन क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं को विस्तार देने का प्रयास किया जा रहा है।
बौद्ध सर्किट से इको-टूरिज्म तक पर रहेगा फोकस
बिहार पर्यटन विभाग इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन के माध्यम से कई प्रमुख पर्यटन क्षेत्रों को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दे रहा है। इनमें बौद्ध सर्किट, विरासत पर्यटन, धार्मिक एवं आध्यात्मिक पर्यटन, सांस्कृतिक पर्यटन, इको-टूरिज्म और फिल्म पर्यटन प्रमुख हैं।
इसके अलावा राज्य में पर्यटन अवसंरचना, होटल एवं आतिथ्य क्षेत्र और निवेश की संभावनाओं की जानकारी भी अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों को दी जा रही है।
WTM लंदन2026 में बिहार की भागीदारी को राज्य के पर्यटन स्थलों के अंतरराष्ट्रीय प्रचार, विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करने और वैश्विक पर्यटन उद्योग के साथ नए व्यावसायिक संबंध स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।
पटना से राजीव रंजन की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।