Live

Bihar Crime

लोन दिलाने के नाम पर साइबर ठगी, महीने में 100 गिरफ्तार, फिर भी नहीं थम रहा साइबर रफ्तार

D
Deepak Kumarलेखक

तीन एंड्रॉयड मोबाइल,एक कीपैड मोबाइल और ग्राहक डेटा की तीन प्रतियां बरामद

नवादाः बिहार के नवादा जिले के वारिसलीगंज थाना क्षेत्र में साइबर अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसके बावजूद साइबर ठगी के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामले में पुलिस ने लोन दिलाने का झांसा देकर लोगों से ठगी करने के आरोप में चकवाय गांव से एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान चकवाय गांव निवासी इंद्रजीत प्रसाद के पुत्र संदीप कुमार के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपी के पास से तीन एंड्रॉयड मोबाइल,एक कीपैड मोबाइल और ग्राहकों के डेटा की तीन प्रतियां बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार,आरोपी विभिन्न वित्तीय संस्थानों के नाम पर लोगों को लोन दिलाने का प्रलोभन देकर साइबर ठगी करता था।

पुलिस की छापेमारी में आरोपी गिरफ्तार

पुलिस अधीक्षक,नवादा के निर्देश पर पकरीबरावां एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। थानाध्यक्ष पंकज कुमार सैनी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शनिवार को मध्य विद्यालय चकवाय के समीप छापेमारी कर संदीप कुमार को गिरफ्तार किया।

तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके पास से तीन एंड्रॉयड मोबाइल,एक कीपैड मोबाइल और ग्राहक डेटा की तीन प्रतियां बरामद कीं। बरामद सामग्री के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बजाज और रिलायंस फाइनेंस के नाम पर ठगी का आरोप

पुलिस के मुताबिक,आरोपी बजाज फाइनेंस,रिलायंस फाइनेंस समेत विभिन्न वित्तीय संस्थानों के नाम पर लोगों को लोन दिलाने का झांसा देता था। इसके लिए ग्राहकों के नाम,पते और मोबाइल नंबर से संबंधित डेटा का इस्तेमाल कर उन्हें फोन किया जाता था और लोन दिलाने का प्रलोभन दिया जाता था।

इस मामले में वारिसलीगंज थाना कांड संख्या751/26के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (आईटी एक्ट) की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच में जुटी है।

गिरफ्तार आरोपी को रविवार को पुलिस अभिरक्षा में न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। छापेमारी दल में एसआई धर्मेंद्र कुमार,अनिल कुमार पांडेय और प्रशिक्षु एसआई मनोज कुमार राय शामिल थे।

एक महीने में करीब100गिरफ्तार,फिर भी जारी है साइबर ठगी

वारिसलीगंज प्रखंड क्षेत्र में साइबर अपराध के खिलाफ लगातार कार्रवाई के बावजूद अपराधियों की गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश नहीं लग पा रहा है। जानकारी के अनुसार,बीते एक महीने में क्षेत्र से साइबर अपराध के आरोप में करीब100लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

इसके बावजूद नए-नए तरीकों से लोगों को ठगी का शिकार बनाने के मामले सामने आ रहे हैं। खासकर लोन दिलाने के नाम पर फोन कर लोगों को झांसे में लेना साइबर अपराधियों का एक तरीका बनता जा रहा है।

लगातार हो रही गिरफ्तारियों के बाद भी साइबर ठगी का जारी रहना पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है। अब देखना होगा कि पुलिस की कार्रवाई और जागरूकता अभियान के जरिए इस तरह के अपराधों पर कितनी प्रभावी रोक लग पाती है।

नवादा से दिनेश कुमार की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें