BIHAR CRIME
लिफ्ट देने के बहाने किशोरी से दुष्कर्म, लखीसराय से आरोपी गिरफ्तार; स्कॉर्पियो जब्त
शेखपुरा के भदौस मोड़ रोड पर हुई वारदात,पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर12घंटे के भीतर दबोचा;पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज
शेखपुराः शेखपुरा में लिफ्ट देने के बहाने16 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अमित कुमार को लखीसराय से गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो गाड़ी को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस के अनुसार, घटना शुक्रवार की शाम शेखपुरा के भदौस मोड़ रोड पर हुई थी, जबकि आरोपी को शनिवार की सुबह गिरफ्तार कर लिया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि किशोरी शुक्रवार को कोचिंग में पढ़ाई करने के लिए शेखपुरा आई थी। पढ़ाई के बाद घर लौटने के लिए वह कॉलेज मोड़ पर वाहन का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान आरोपी अमित कुमार अपनी स्कॉर्पियो लेकर वहां पहुंचा और किशोरी को घर छोड़ने का भरोसा देकर गाड़ी में बैठा लिया।
आरोप है कि लखीसराय जाने के रास्ते में आरोपी किशोरी को भदौस मोड़ की ओर ले गया। वहां सुनसान जगह का फायदा उठाकर उसे डराया-धमकाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी किशोरी को वहीं छोड़कर स्कॉर्पियो लेकर फरार हो गया।
परिवार को दी जानकारी,महिला थाना में प्राथमिकी
घटना के बाद पीड़िता ने अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद परिजन उसे लेकर पुलिस के पास पहुंचे। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए किशोरी की मेडिकल जांच कराई और महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज की। मामले में पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।
एसआईटी ने लखीसराय से आरोपी को दबोचा
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी हिमांशु ने अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. राकेश कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की। टीम ने तकनीकी और मोबाइल फोन से मिले सुरागों के आधार पर आरोपी की पहचान और लोकेशन का पता लगाया। इसके बाद शनिवार की सुबह लखीसराय जिले के कबैया थाना क्षेत्र स्थित उसके घर से अमित कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी की स्कॉर्पियो भी जब्त कर ली है। पीड़िता ने आरोपी की पहचान कर ली है। मामले की जांच के लिए एफएसएल टीम को भी लगाया गया है। बताया गया है कि आरोपी का कुछ समय पहले शेखपुरा डीटीओ कार्यालय में भी आना-जाना और अच्छी पहुंच थी।
15दिनों के भीतर चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी
अपर पुलिस अधीक्षक ने मामले को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि पुलिस इस केस का स्पीडी ट्रायल कराने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने बताया कि अगले15 दिनों के भीतर आरोप पत्र न्यायालय में समर्पित करने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही, मामले की त्वरित सुनवाई का अनुरोध भी न्यायालय से किया जाएगा, ताकि आरोपी को कानून के तहत कड़ी सजा दिलाई जा सके।
एसआईटी में अपर पुलिस अधीक्षक के अलावा साइबर डीएसपी, महिला थानाध्यक्ष रिशु कुमारी और पुलिस की डीआईओ टीम को शामिल किया गया था। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
लखीसराय से धर्मेंद्र कुमार की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।