BIG BREAKING
लैंड फॉर जॉब केस में लालू परिवार को दिल्ली हाईकोर्ट से झटका, लालू, राबड़ी और तेजस्वी के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप बरकरार
पटना/नई दिल्ली : नौकरी के बदले जमीन (लैंड फॉर जॉब) मामले में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद यादव, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को दिल्ली हाईकोर्ट से राहत नहीं मिली है. गुरुवार को हाईकोर्ट ने इस मामले में निचली अदालत की ओर से भ्रष्टाचार के आरोप तय करने के आदेश को बरकरार रखा. इससे लालू परिवार की कानूनी मुश्किलें बढ़ सकती हैं.
दरअसल, केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) इस मामले की जांच कर रही है. जांच एजेंसी का आरोप है कि वर्ष 2004 से 2009 के बीच लालू प्रसाद यादव के रेल मंत्री रहने के दौरान रेलवे में नौकरी देने के बदले अभ्यर्थियों और उनके परिजनों से जमीन ली गई थी. आरोप है कि जमीन के ये सौदे लालू परिवार से जुड़े लोगों के पक्ष में किए गए थे.
निचली अदालत के फैसले को दी थी चुनौती
इस मामले में 13 अक्टूबर 2025 को राउज एवेन्यू कोर्ट ने लालू परिवार के सदस्यों समेत 14 आरोपितों के खिलाफ आरोप तय किए थे. निचली अदालत के इस आदेश को लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव की ओर से दिल्ली हाईकोर्ट में चुनौती दी गई थी. हालांकि, हाईकोर्ट ने आरोप तय करने के आदेश को बरकरार रखते हुए उन्हें राहत नहीं दी.
IRCTC होटल टेंडर का मामला भी जांच के दायरे में
सीबीआई ने रेलवे के रांची और पुरी स्थित आईआरसीटीसी के दो होटलों को निजी कंपनी सुजाता होटल्स को ठेके पर देने में कथित अनियमितताओं का आरोप भी लगाया है. जांच एजेंसी के अनुसार, इस सौदे के बदले लालू परिवार को जमीन और शेयर के रूप में लाभ पहुंचाया गया था.
हाईकोर्ट के इस आदेश के बाद अब मामले में निचली अदालत की कानूनी कार्यवाही आगे बढ़ेगी. हालांकि, आरोप तय होना दोषसिद्धि नहीं है. मामले में आरोपों को अदालत में साबित किया जाना बाकी है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।