मीटिंग से पहले बप्पा के दर्शन
लालू प्रसाद ने सिद्धि विनायक मंदिर में टेका मत्था, बेटे तेजस्वी के साथ लिया आशीर्वाद
I.N.D.I.A Meeting : मुंबई में आयोजित हो रही I.N.D.I.A गठबंधन की बैठक में भाग लेने के लिए आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद और बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव मुंबई में है। बैठक से पहले लालू प्रसाद, बड़ी बेटी मीसा भारती और छोटे बेटे तेजस्वी यादव ने सिद्धि विनायक मंदिर में मत्था टेका और बप्पा का आशीर्वाद लिया।
लालू प्रसाद ने किए बप्पा के दर्शन
सिद्धि विनायक मंदिर में लालू और तेजस्वी दोनों ने बप्पा के सामने प्रार्थना की और मन्नत मांगी। गौरतलब है कि I.N.D.I.A गठबंधन की बैठक को लेकर लालू प्रसाद पूरी तरह से एक्टिव है। वे नरेन्द्र मोदी को आगामी लोकसभा चुनाव में मात देने के लिए पूरी रणनीति बना रहे हैं।
I.N.D.I.A गठबंधन की तीसरी बैठक में भाग लेने मुंबई जाने से पहले लालू प्रसाद ने पटना एयरपोर्ट पर विवादित बयान दिया था और कहा था कि वे पीएम मोदी के नट्टी यानी गर्दन पर चढ़ने के लिए मुंबई जा रहे हैं। नरेंद्र मोदी की नट्टी को हम लोग पकड़े हुए हैं. जल्दी नरेंद्र मोदी को हटाना है।
बैठक से पहले तेजस्वी की हुंकार
इस मीटिंग से पहले बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने एकबार फिर हुंकार भरी है और कहा है कि सांप्रदायिक ताकतों से लड़ने के लिए हम सभी विपक्षी दल एक साथ आए हैं। देश की जनता यही गठबंधन चाहती थी। हर कोई जानता है कि पीएम चुनने की प्रक्रिया क्या होती है। अपना नेता चुनेंगे।
ऐसा होगा I.N.D.I.A गठबंधन का पीएम उम्मीदवार
इसके साथ ही तेजस्वी यादव ने ये भी कहा कि I.N.D.I.A गठबंधन की तरफ से जो पीएम उम्मीदवार होगा, वो पीएम मोदी से अधिक ईमानदार होगा और साथ ही लोगों के प्रति वफादार भी होगा।
जुटेगी 28 दलों की जमात
गौरतलब है कि विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A यानी इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस (I.N.D.I.A) के घटक दलों के नेताओं की दो दिवसीय बैठक आज से शुरू हो रही है। इस बैठक में पदाधिकारियों और समन्वय समिति, साझा न्यूनतम कार्यक्रम और आगे की रणनीति समेत कई बिंदुओं पर सहमति बनाने के मकसद से चर्चा होने की संभावना है। इस बैठक में इस बार कुल 28 दल हिस्सा ले रहे हैं।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।