BIHAR POLITICS
लालू परिवार की इच्छा पर नहीं, बिहार के विकास में योगदान पर होता है पुलों का नामकरण - संजय सरावगी
पटना : बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल का नाम 'नीतीश सेतु' रखे जाने पर विपक्ष की बयानबाजी को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि लालू परिवार की राजनीतिक इच्छा और वास्तविकता में बहुत अंतर है.
उन्होंने कहा कि लालू परिवार के मन की दबी हुई इच्छा को रोहिणी आचार्य ने अपने बयान के माध्यम से जाहिर कर दिया है. उनकी इच्छा है कि जिस पुल का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करने जा रहे हैं, उसका नाम लालू यादव के नाम पर रखा जाए. लेकिन सवाल यह है कि क्या किसी सजायाफ्ता व्यक्ति के नाम पर किसी महत्वपूर्ण सार्वजनिक परियोजना का नामकरण किया जाना उचित है?
संजय सरावगी ने कहा कि लालू परिवार और राजद के नेता इस मुद्दे पर अनावश्यक बयानबाजी कर रहे हैं. इसका उद्देश्य केवल राजनीतिक भ्रम फैलाना है. कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल की परिकल्पना से लेकर इसके निर्माण तक लालू परिवार का कहीं कोई योगदान नहीं रहा है. यह महत्वाकांक्षी परियोजना केंद्र और बिहार सरकार के सहयोग से साकार हो रही है.
उन्होंने कहा कि एडीबी से इस परियोजना के लिए ऋण प्राप्त करने में केंद्र सरकार गारंटर बनी. एनडीए सरकार के कार्यकाल में बिहार में कर संग्रह बढ़ा, जिससे राज्य सरकार भी विकास परियोजनाओं में अपना वित्तीय योगदान देने में सक्षम हुई. केंद्र और राज्य सरकार के सहयोग से इस पुल का निर्माण आगे बढ़ा है. उस समय पथ निर्माण विभाग की जिम्मेदारी ललन सिंह के पास थी. तेजस्वी यादव का इस परियोजना से कोई लेना-देना नहीं रहा है.
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार में जंगलराज से सुशासन स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. उनके कार्यकाल में सड़क, पुल-पुलिया और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में व्यापक बदलाव आया. बिहार की सरकार ने इन्हीं योगदानों को सम्मान देते हुए छह लेन पुल का नाम 'नीतीश सेतु' रखने का निर्णय लिया है. यह बिहार के विकास में उनके योगदान के प्रति सम्मान का प्रतीक है. इस फैसले से बिहार की जनता में उत्साह है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 21 नवंबर के बिहार दौरे को लेकर सरावगी ने कहा कि 20 नवंबर को एनडीए सरकार के कार्यकाल का एक वर्ष पूरा हो रहा है. इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने 21 नवंबर को बिहार आने वाले हैं. उनका यह दौरा राज्य के विकास के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा. प्रधानमंत्री बिहार आते हैं तो उन्हें सुनने के लिए लाखों लोग जुटते हैं. इस दौरान कई योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी होगा. प्रधानमंत्री कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल बिहार की जनता को समर्पित करेंगे.
उन्होंने कहा, "यह पुल बिहार की बदलती तस्वीर, मजबूत होती कनेक्टिविटी और विकास के प्रति एनडीए सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक बनेगा. इससे आवागमन सुगम होगा और क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को भी नई गति मिलेगी."
पटना से राजीव रंजन की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।