लखीसराय में बड़ा हादसा : करंट की अफवाह से भगदड़ में 7 महिलाओं की मौत, 24 श्रद्धालु घायल
लखीसराय : सावन की तीसरी सोमवारी पर अशोकधाम मंदिर में आस्था का सैलाब अचानक मातम में बदल गया. मंदिर के दक्षिणी द्वार से अशोकधाम स्टेशन मार्ग के बीच लोगों की भीड़ बेकाबू होने के बाद मची भगदड़ में 7 महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 24 श्रद्धालु घायल हो गए. घायलों में 19 का इलाज सदर अस्पताल और 5 का शहर के निजी अस्पतालों में चल रहा है. मृतकों में लखीसराय, मुंगेर और पटना जिले की महिलाएं शामिल हैं.

पीड़ितों के अनुसार सुबह मंदिर गेट से लेकर अशोकधाम स्टेशन के आसपास तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ थी. इसी बीच सुबह5:42बजे अशोकधाम स्टेशन पर मोकामा-बैद्यनाथधाम मेला स्पेशल ट्रेन रुकी.
ट्रेन से सैकड़ों श्रद्धालु उतरकर बोलबम का जयघोष करते हुए मंदिर की ओर बढ़ने लगे. पहले से मौजूद लोगों की भीड़ के साथ इनके जुड़ने पर दबाव काफी बढ़ गया. इसी दौरान एक जर्जर विद्युत पोल भीड़ के दबाव में गिर गया जिससे श्रद्धालुओं में करंट फैलने की अफवाह फैल गई और देखते ही देखते भगदड़ मच गई. भगदड़ में महिलाएं भीड़ के नीचे दब गईं. एक-एक कर 7 महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई. घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई. पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया. घायलों को एंबुलेंस एवं अन्य वाहनों से सदर अस्पताल पहुंचाया गया. अस्पताल में चिकित्सकों की टीम को अलर्ट कर घायलों का इलाज शुरू कराया गया. घटना की सूचना मिलते ही डीएम शैलेंद्र कुमार प्रशासनिक टीम के साथ पहले घटनास्थल और फिर सदर अस्पताल पहुंचे. उन्होंने अधिकारियों से घटना की जानकारी ली तथा घायलों के इलाज की स्थिति का जायजा लिया. मुंगेर के प्रमंडलीय आयुक्त प्रेम सिंह मीणा और डीआइजी राकेश कुमार ने भी घटनास्थल एवं सदर अस्पताल पहुंचकर पूरी जानकारी ली.
मृतकों की सूची
1. मनमाला देवी (44), पति निरंजन कुमार, बड़हिया वार्ड12, लखीसराय
2. रिंकू देवी (50), पति नीरज यादव, बऊटोला फरदा, मुंगेर
3. हेमलता देवी (55), पति सुरेंद्र यादव, प्रतापपुर, हलसी, लखीसराय
4. ललिता देवी (50), पति गोरेलाल यादव, प्रतापपुर, हलसी, लखीसराय
5. सविता कुमारी (35), पति रणवीर यादव, प्रतापपुर, हलसी, लखीसराय
6. सरोज देवी (65), पति जनार्दन सिंह, बकांवा भदौर, पटना
7. सावित्री देवी (49), पति मोहन यादव, चननिया, लखीसराय
लखीसराय जिला से आत्मानंद सिंह की रिपोर्ट