Live

BREAKING NEWS

लद्दाख से 2600 किलोमीटर की दौड़ पूरी कर रांची पहुंचे स्वीडन के दो धावक, आदिनिवास और जय जवान क्लब ने किया भव्य स्वागत

D
Deepak Kumarलेखक

रांचीः स्वीडन के दो धावक ब्योन स्वेनसन और क्रिस्टिना पॉर्टेन लद्दाख से झारखंड तक लगभग 2600 किलोमीटर की लंबी दौड़ पूरी कर रांची पहुंचे। उनकी इस अनूठी यात्रा का उद्देश्य झारखंड के बच्चों और युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए कार्यरत संस्था ‘आशा’ के प्रयासों को समर्थन देना और जागरूकता फैलाना है।

इस अवसर पर आज सुबह डिबडीह बायपास के समीप आदिनिवास एवं जय जवान क्लब की ओर से दोनों विदेशी धावकों का आदिवासी पारंपरिक गमछा और बुके देकर जोरदार स्वागत,अभिनंदन और जोहार किया गया। पारंपरिक उत्साह और गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत कर झारखंड की समृद्ध आदिवासी संस्कृति, अतिथि सत्कार और सामाजिक एकजुटता का परिचय दिया गया।

इस अवसर पर आदिनिवास के स्टेट हेड सजीत टोप्पो एवं सोशल एक्टिविस्ट और ट्राइबल लीडर अनिल अमिताभ पन्ना ने दोनों धावकों का जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम में फूलदेव भगत, बिपिन खलखो, विनय मुंडू, राजेश कुजूर, जॉन तिग्गा, सुनील टोप्पो, सोनू कुजूर एवं अंकित हीरो सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

गौरतलब है कि दोनों धावक लद्दाख से झारखंड तक लगभग 2600 किलोमीटर की चुनौतीपूर्ण यात्रा दौड़कर तय कर रहे हैं। उनकी इस यात्रा का अंतिम पड़ाव रांची जिले का भुसूर गांव है। यह अभियान केवल एक लंबी दूरी की दौड़ नहीं, बल्कि सामाजिक सरोकार, मानवीय संवेदना और झारखंड के बच्चों एवं युवाओं के भविष्य के प्रति समर्पण का प्रेरणादायक उदाहरण है।दोनों धावकों ने कहा कि झारखंड आकर बहुत अच्छा लग रहा है।कल वो दोनों भगवान बिरसा मुंडा की धरती खूंटी भी जाएंगे।

आदिनिवास एवं जय जवान क्लब की ओर से दोनों धावकों के साहस, संकल्प और सामाजिक उद्देश्य की सराहना करते हुए उनके अभियान की सफलता के लिए शुभकामनाएं दी गईं।

रांची से संदीप यादव की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें