BIHAR NEWS
कृषि मंत्री विजय सिन्हा ने बाबा हरिहरनाथ मंदिर में की पूजा-अर्चना, प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना
सोनपुर के विश्व प्रसिद्ध हरिहरक्षेत्र में किया दर्शन-पूजन और रुद्राभिषेक,मंदिर न्यास समिति ने अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिह्न देकर किया सम्मानित
सोनपुर: बिहार सरकार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने सोमवार को विश्व प्रसिद्ध हरिहरक्षेत्र सोनपुर स्थित ऐतिहासिक बाबा हरिहरनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने विधि-विधान के साथ बाबा हरिहरनाथ का दर्शन-पूजन किया और रुद्राभिषेक संपन्न कराया। मंत्री ने बाबा से स्वयं के साथ-साथ पूरे बिहार प्रदेश की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुआ पूजन
मंदिर में पूजा-अर्चना के दौरान पुजारियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया। रुद्राभिषेक के दौरान पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा। पूजा के बाद पुजारियों ने मंत्री को प्रसाद भेंट किया।
मंदिर न्यास समिति ने किया स्वागत
इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य सच्चिदानंद राय समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। बाबा हरिहरनाथ मंदिर न्यास समिति के सचिव और पुजारियों ने कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा का अंगवस्त्र और प्रतीक चिह्न भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया।
सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम
मंत्री के मंदिर आगमन को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा और विधि-व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पूजा-अर्चना के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना रहा। इस धार्मिक यात्रा के दौरान मंत्री ने बाबा हरिहरनाथ के प्रति अपनी आस्था प्रकट करते हुए बिहार की खुशहाली और प्रदेशवासियों के सुखमय जीवन की मंगलकामना की।
पंकज चौहान की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।