BIHAR NEWS
कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने मुजफ्फरपुर में खेती बचाओ अभियान सह कृषि जन कल्याण संवाद कार्यक्रम में हुए शामिल
मुजफ्फरपुर: बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा सोमवार को मुजफ्फरपुर में खेती बचाओ अभियान सह कृषि जन कल्याण संवाद कार्यक्रम में पहुंचे. इस दौरान उन्होंने किसानों से कृषि से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की और शिकायतें मिलने पर संबंधित अधिकारियों को जल्द सुधार करने का निर्देश दिया. कृषि मंत्री ने कहा कि भारत सरकार और बिहार सरकार के संयुक्त प्रयास से इस अभियान की शुरुआत मुजफ्फरपुर से की गई है. इसका उद्देश्य खेती को फर्टिलाइजर और पेस्टिसाइड के अत्यधिक इस्तेमाल से मुक्त करने की दिशा में पहल करना है.
वहीं,कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर की गई टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कांग्रेस पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि इस तरह की टिप्पणियां कांग्रेस की सोच,संस्कार और संवैधानिक पदों के प्रति सम्मान को उजागर करती है. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री के माता-पिता को गाली देना,चुनाव आयुक्त का अपमान करना,संविधान को लेकर भ्रम फैलाना और न्यायालय पर सवाल खड़े करना लोकतंत्र के हित में नहीं है. कृषि मंत्री ने कहा कि ऐसे आचरण करने वाले लोग संविधान और लोकतंत्र के हितैषी नहीं हो सकते.
मुजफ्फरपुर से रविरंजन कुमार की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।