Live

BIHAR NEWS

कृषि मंत्री ने किसानों को समय पर और उचित मूल्य पर उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए एफओआर व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

पटना : कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बिहार में बाढ़ एवं अत्यधिक वर्षापात से प्रभावित किसानों की मदद के लिए केंद्र सरकार से विशेष पैकेज एवं आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का आग्रह किया है.उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए प्रभावित किसानों को तत्काल सहायता के साथ आगामी रबी मौसम के लिए भी विशेष सहयोग की आवश्यकता है.

रबी महाभियान के अवसर पर अपने संबोधन में कृषि मंत्री ने कहा कि राज्य के18जिलों, 84प्रखंडों एवं653पंचायतों में बाढ़ एवं अत्यधिक वर्षापात से फसलों को नुकसान हुआ है.प्रभावित क्षेत्रों में किसानों को रबी मौसम में राई,सरसों एवं मटर के बीज का निःशुल्क वितरण किया जाएगा.वहीं,कम वर्षा वाले क्षेत्रों में श्रीअन्न की खेती के लिए किसानों को आवश्यक सहयोग दिया जाएगा.

उन्होंने अत्यधिक वर्षापात एवं तेज हवा से फसलों को हुए नुकसान को देखते हुए भारत सरकार से आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया.उन्होंने कहा कि बिहार की कृषि परिस्थितियां अन्य राज्यों से अलग है.इसलिए केंद्र की योजनाओं में बिहार की स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप आवश्यक नियमों एवं शर्तों में उपयुक्त छूट दी जानी चाहिए.भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय तथा बिहार कृषि विभाग के वरीय पदाधिकारी आपस में समन्वय कर बिहार की कृषि चुनौतियों एवं संभावनाओं के अनुरूप विशेष कार्ययोजना तैयार करें.

कृषि मंत्री ने किसानों को समय पर और उचित मूल्य पर उर्वरक उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि उर्वरक कंपनियों द्वारा एफओआर के तहत खुदरा विक्रेताओं तक आपूर्ति सुनिश्चित करने की व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाए.उन्होंने भारत सरकार से इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई का आग्रह किया,ताकि किसानों को उर्वरक के लिए परेशानी का सामना न करना पड़े.

उन्होंने कहा कि रबी महाभियान के तहत उत्पादन बढ़ाने के साथ किसानों की आय बढ़ाने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने पर जोर दिया जा रहा है.इसके लिए फसल विविधीकरण को बढ़ावा देते हुए दलहन,तिलहन,मखाना,मशरूम,मसाले एवं बागवानी फसलों के क्षेत्र विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है.

कृषि मंत्री ने कहा कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज समय पर उपलब्ध कराना आवश्यक है.बिहार की कृषि-जलवायु के अनुरूप नई किस्मों की पहचान,दलहन एवं तिलहन के गुणवत्तापूर्ण बीज की उपलब्धता तथा संकर मक्का बीज उत्पादन के लिए उत्कृष्टता केंद्र की स्थापना में केंद्र सरकार से सहयोग का आग्रह किया गया है.

उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए उत्पादन के साथ बाजार व्यवस्था को भी मजबूत करना जरूरी है.बिहार के बाजार प्रांगणों को राष्ट्रीय कृषि बाजार से जोड़ने,किसान उत्पादक संगठनों को बाजार से जोड़ने तथा भंडारण,शीत शृंखला,प्रसंस्करण एवं मूल्य संवर्धन की सुविधाओं के विस्तार के लिए केंद्र सरकार के सहयोग की आवश्यकता है.मखाना,शाही लीची,जर्दालु आम और कतरनी चावल जैसी बिहार की विशिष्ट कृषि उपज को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं.

कृषि मंत्री ने किसान पंजीकरण एवं किसान पहचान व्यवस्था को सरल बनाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि भूमि अभिलेख से जुड़ी तकनीकी समस्याओं के कारण कोई वास्तविक किसान सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न हो.इसके लिए संबंधित विभागों के आंकड़ों के बेहतर समन्वय की आवश्यकता है.

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के बेहतर समन्वय से बाढ़ एवं अत्यधिक वर्षापात से प्रभावित किसानों को राहत देने के साथ रबी मौसम में कृषि गतिविधियों को नई गति दी जाएगी.रबी महाभियान के माध्यम से किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज,उर्वरक और तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराने के साथ उनकी उपज के बेहतर बाजार एवं मूल्य की व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है.

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें