Hindi News / गयाजी में मैट्रिक में शानदार सफलता के बाद दो छात्रों की सड़क हादसे...

खुशियां मातम में बदली : गयाजी में मैट्रिक में शानदार सफलता के बाद दो छात्रों की सड़क हादसे में मौत, घटना से सनसनी

Edited By:  |
khushiyan matam mai badli

गयाजी: बड़ी खबर बिहार के गयाजी से है जहांजिले के फतेहपुर में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया. पहाड़पुर–राघवाचक सड़क मार्ग पर चपरी मोड़ के पास हुए इस हादसे में दो मैट्रिक के छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई,जबकि एक अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया.

मृतकों की पहचान राहुल कुमार और रोशन कुमार के रूप में की गई है,जबकि घायल छात्र विपिन कुमार को बेहतर इलाज के लिए गया के अस्पताल में रेफर किया गया है.

बताया जा रहा है कि तीनों छात्र हाल ही में मैट्रिक परीक्षा में 400 से अधिक अंक हासिल कर बेहद खुश थे. इसी खुशी में वे अपने कोचिंग शिक्षकों को मिठाई खिलाने जा रहे थे. लेकिन रास्ते में ही एक ट्रैक्टर से हुई टक्कर ने उनकी जिंदगी छीन ली.

घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. सूचना मिलते ही फतेहपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल अस्पताल भेज दिया.

परिजनों के अनुसार,दोनों मृतक अपने-अपने परिवार के इकलौते चिराग थे. इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है.

पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार चालक की तलाश जारी है.

बोधगया से मनोज सिंह की रिपोर्ट