खुशी का पल गम में बदला : जमुई में टेलर और कार में भीषण टक्कर, शादी समारोह से लौट रहे साला-बहनोई की मौत
जमुई : बड़ी खबर जमुई से है जहां चंद्रमंडीह थाना क्षेत्र के माधोपुर फुटानी चौक के समीप गुरुवार को कार और एक तेज रफ्तार टेलर के बीच भीषण टक्कर होने से 2 व्यक्तियों की मौत हो गई जबकि 4 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच कर सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया और दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया.
बताया जा रहा है कि यह हादसा उस वक्त हुआ जब झारखंड के जसीडीह थाना क्षेत्र के वासमेंनडीह से एक शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे रिश्तेदारों की स्विफ्ट कार और एक तेज रफ्तार टेलर के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए.
जानकारी के अनुसार कार में कुल छह लोग सवार थे और सभी आपस में करीबी रिश्तेदार थे. वे सभी शादी संपन्न होने के बाद अपने घर देवरी थाना क्षेत्र के सोनदिघी लौट रहे थे. इसी दौरान चकाई की तरफ से देवघर की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार टेलर ने कार को सीधी टक्कर मार दी. हादसे के बाद टेलर चालक मौके पर ही अपना वाहन छोड़कर फरार हो गया. मृतकों की पहचान कार चालक देवरी थाना क्षेत्र के सोनदिघी निवासी पप्पू राणा और उनके बहनोई चकाई थाना क्षेत्र के कियाजोरी निवासी मकुंदेव राणा के रूप में हुई है. घटना के बाद से दोनों परिवारों में कोहराम मच गया. घटना की सूचना मिलते ही चंद्रमंडीह थानाध्यक्ष गजेंद्र कुमार, अपर थानाध्यक्ष लक्ष्मण प्रसाद, एसआई नंदन कुमार और बिनोद कुमार यादव दलबल के साथ मौके पर पहुंचे. कार चला रहे पप्पू राणा का शव गाड़ी में इस कदर फंस गया था कि पुलिस को उसे बाहर निकालने के लिए गैस कटर का इस्तेमाल करना पड़ा. चंद्रमंडीह पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को तुरंत स्थानीय रेफरल अस्पताल पहुंचाया. जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद चारों घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें देवघर रेफर कर दिया.
थानाध्यक्ष गजेंद्र कुमार ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है. शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है और फरार टेलर चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
जमुई से सदानंद कुमार की रिपोर्ट-