BIHAR CRIME
खेसारी लाल यादव के कार्यक्रम में मची भगदड़, गुस्साए दर्शकों ने तोड़ी दर्जनों कुर्सियां; नालंदा में मची अफरा-तफरी
तिलक समारोह में अपने चहेते कलाकार को देखने उमड़ी हजारों की भीड़,व्यवस्था बिगड़ने पर कुछ देर के लिए रोकना पड़ा कार्यक्रम;पुलिस कर रही जांच
नालंदा: बिहार के नालंदा जिले में भोजपुरी के चर्चित कलाकार खेसारी लाल यादव के कार्यक्रम के दौरान बीती रात अचानक अफरा-तफरी मच गई। अपने चहेते कलाकार की एक झलक पाने के लिए उमड़ी हजारों लोगों की भीड़ के बीच भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। इस दौरान नाराज दर्शकों ने कार्यक्रम स्थल पर रखी दर्जनों कुर्सियां तोड़ दीं। हालात बिगड़ते देख आयोजकों को कुछ देर के लिए कार्यक्रम रोकना पड़ा।
मिली जानकारी के अनुसार, इस्लामपुर थाना क्षेत्र के सेखली गांव में एक तिलक समारोह का आयोजन किया गया था। इस अवसर पर भोजपुरी कलाकार खेसारी लाल यादव को सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया गया था। कार्यक्रम की खबर फैलते ही उन्हें देखने और सुनने के लिए हजारों की संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।
देखते ही देखते कार्यक्रम स्थल पर भीड़ काफी बढ़ गई। आरोप है कि जुटी हुई भीड़ के अनुपात में बैठने और सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई थी। इसी वजह से कार्यक्रम स्थल पर अव्यवस्था फैल गई और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
नाराज दर्शकों ने तोड़ी दर्जनों कुर्सियां
अचानक मची अफरा-तफरी के बाद दर्शकों में नाराजगी फैल गई। गुस्साए लोगों ने कार्यक्रम स्थल पर रखी दर्जनों कुर्सियों को तोड़ दिया। इस दौरान आयोजकों और सुरक्षाकर्मियों को भीड़ को नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। स्थिति को सामान्य करने और भीड़ को संभालने के लिए कार्यक्रम को कुछ देर तक रोकना पड़ा। घटना के बाद पूरे आयोजन स्थल पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
अनुमति के बावजूद बिगड़ी व्यवस्था,पुलिस कर रही जांच
स्थानीय स्तर पर कार्यक्रम की जानकारी प्रशासन को दी गई थी। इसके बावजूद बड़ी संख्या में उमड़ी भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस और सुरक्षा व्यवस्था को काफी मशक्कत करनी पड़ी।इस्लामपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि कार्यक्रम आयोजन के लिए प्रशासन से अनुमति ली गई थी। हालांकि, उम्मीद से अधिक भीड़ जुटने के कारण भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हुई और कुर्सियां तोड़ी गईं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। इस घटना ने एक बार फिर बड़े सार्वजनिक और सांस्कृतिक आयोजनों में भीड़ प्रबंधन तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
नालंदा से राजकुमार मिश्रा की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।