लोक आस्था के महापर्व छठ का दूसरा दिन आज
खरना की तैयारियों में जुटे श्रद्धालु, देव सूर्य नगरी से लेकर गांव-गांव तक दिख रही आस्था और भक्ति की अद्भुत तस्वीर
औरंगाबाद : लोक आस्था, पवित्रता और सूर्य उपासना का महापर्व छठ पूरे बिहार में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जा रहा है. चार दिवसीय इस महान पर्व के दूसरे दिन आज खरना का अनुष्ठान किया जा रहा है. औरंगाबाद की ऐतिहासिक एवं पौराणिक सूर्य नगरी देव में छठ को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है. सुबह से ही व्रती नदी, तालाब और जलाशयों में स्नान कर पूजा की तैयारियों में जुटे हैं. इसके बाद घरों में पूरी शुद्धता और पवित्रता के साथ खरना का प्रसाद तैयार किया जा रहा है. मिट्टी के चूल्हे पर आम की लकड़ी से बनने वाली गुड़ की खीर और रोटी का विशेष महत्व है.
खरना के दिन शुद्धता और पवित्रता का विशेष ध्यान रखा जाता है. व्रती स्नान करने के बाद पूरे विधि-विधान से पूजा की तैयारी करते हैं. परंपरा के अनुसार कुएं के शुद्ध जल, आम की लकड़ी और मिट्टी के चूल्हे पर गुड़ की खीर तथा रोटी बनाई जाती है. शाम को भगवान सूर्य की आराधना के बाद खरना का प्रसाद ग्रहण किया जाता है.
खरना के प्रसाद का विशेष धार्मिक महत्व है. मान्यता है कि श्रद्धा और सच्चे मन से छठी मईया तथा भगवान सूर्य की आराधना करने से परिवार में सुख-समृद्धि आती है और मनोकामनाएं पूर्ण होती है.
छठ पर्व केवल एक धार्मिक अनुष्ठान ही नहीं, बल्कि शुद्धता, अनुशासन, समर्पण और लोक आस्था का अद्भुत संगम है. इस पर्व में जाति और धर्म की सीमाओं से ऊपर उठकर लोग अपनी श्रद्धा और आस्था प्रकट करते हैं. खरना के साथ ही छठ व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हो जाएगा, जो उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद संपन्न होगा.
औरंगाबाद से मंन्टू कुमार की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।