BIG BREAKING
खगड़िया में रिश्ते का कत्ल, ई-रिक्शा घर में लगाने के विवाद में बेटे ने पीट-पीटकर की बुजुर्ग पिता की हत्या
जमीन को लेकर पिता-पुत्र के बीच पहले से चल रहा था विवाद,75वर्षीय उपेंद्र साह की मौके पर मौत;पुलिस ने आरोपी बेटे को किया गिरफ्तार
खगड़िया: बिहार के खगड़िया जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। मोरकाही थाना क्षेत्र के बछौता गांव में एक बेटे पर अपने ही बुजुर्ग पिता की पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 75 वर्षीय उपेंद्र साह के रूप में हुई है। बताया जाता है कि गुरुवार को उपेंद्र साह अपनी ट्राईसाइकिल (ई-रिक्शा) घर में लगा रहे थे। इसी बात को लेकर उनके बेटे अमरेंद्र साह ने विरोध करना शुरू कर दिया। देखते ही देखते पिता-पुत्र के बीच विवाद बढ़ गया और गुस्से में आकर बेटे ने अपने पिता पर लात-घूंसों से हमला कर दिया।
इस हमले में बुजुर्ग उपेंद्र साह की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि आरोपी अमरेंद्र साह मृतक की पहली पत्नी का बेटा है। जमीन को लेकर भी पिता और पुत्र के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। गुरुवार को ट्राईसाइकिल घर में लगाने को लेकर शुरू हुआ विवाद जानलेवा साबित हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही मोरकाही थाना पुलिस सक्रिय हुई। मोरकाही थानाध्यक्ष के अनुसार, आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि आवेदन मिलते ही प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, इस घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। जिस बेटे पर पिता की सेवा और देखभाल की जिम्मेदारी थी, उसी पर पिता की हत्या का आरोप लगा है।
खगड़िया से स्वतंत्र कुमार सिंह की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।