Live

BIHAR CRIME

खगड़िया में पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़, एक लाख का इनामी मिथलेश महतो घायल; पुलिस अभिरक्षा में इलाज जारी

D
Deepak Kumarलेखक

खगड़िया:बिहार के खगड़िया जिले में बीती रात पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान एक लाख रुपये का इनामी अपराधी मिथलेश महतो पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर पुलिस अभिरक्षा में सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।

मिली जानकारी के अनुसार, मिथलेश महतो ट्रिपल मर्डर के एक चश्मदीद गवाह को धमकाने के इरादे से उसके घर के आसपास पहुंचा था। इसकी सूचना मिलने पर जिला पुलिस और एसटीएफ की टीम ने चौथम थाना क्षेत्र में संयुक्त कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार, जब टीम ने मिथलेश महतो को पकड़ने की कोशिश की तो उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई। दोनों ओर से कई राउंड फायरिंग हुई, जिसमें मिथलेश महतो के पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया।

सात हत्याओं समेत दस संगीन मामले दर्ज

एसपी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि मिथलेश महतो पर हत्या के सात मामलों समेत कुल दस संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ बिहार के अलावा दिल्ली और नेपाल में भी आपराधिक केस दर्ज होने की जानकारी दी गई है। उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।

हथियार और कारतूस बरामद

पुलिस अधीक्षक के मुताबिक, संयुक्त कार्रवाई के दौरान घटनास्थल से एक पिस्टल, एक देसी कट्टा और कई कारतूस बरामद किए गए हैं। फिलहाल घायल आरोपी का पुलिस अभिरक्षा में सदर अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। इस मुठभेड़ के बाद इलाके में पुलिस की कार्रवाई चर्चा का विषय बनी हुई है।

खगड़िया से स्वतंत्र कुमार की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें