Live

BIHAR CRIME

केले की आड़ में शराब तस्करी का खेल, गोपालगंज में 794 लीटर विदेशी शराब बरामद

D
Deepak Kumarलेखक

गोपालगंज: बिहार में शराबबंदी के बावजूद शराब तस्कर नए-नए तरीके अपनाकर अवैध कारोबार को अंजाम देने में जुटे हैं। ताजा मामला गोपालगंज से सामने आया है, जहां तस्करों ने केले की आड़ में विदेशी शराब की बड़ी खेप ले जाने की कोशिश की। हालांकि, उत्पाद विभाग की टीम ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया। मांझा थाना क्षेत्र के कोईनी मोड़ के पास छापेमारी कर केले से लदी पिकअप से करीब 794 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई है। मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है।

केले के नीचे छिपाकर रखी गई थी शराब
जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि केले से लदी एक पिकअप के जरिए विदेशी शराब की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही टीम ने मांझा थाना क्षेत्र के कोईनी मोड़ के पास संदिग्ध पिकअप को रोककर तलाशी ली। बाहर से पिकअप में केले लदे हुए थे, लेकिन जब टीम ने गहन तलाशी ली तो केले के नीचे छिपाकर रखी गई विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद हुई। कार्रवाई के दौरान करीब 794 लीटर शराब जब्त की गई और एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी सीवान जिले का रहने वाला बताया जा रहा है।

चेकपोस्ट पर भी उत्पाद विभाग की कार्रवाई
वहीं, शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्पाद विभाग ने भिंगरी समेत अन्य चेकपोस्टों पर भी सघन जांच अभियान चलाया। उत्पाद अधीक्षक अमृतेश कुमार झा के मुताबिक, चेकपोस्ट पर की गई कार्रवाई में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान दो मोटरसाइकिल जब्त करने के साथ 26.8 लीटर देसी शराब भी बरामद की गई है।

शराब तस्करी के नेटवर्क की जांच में जुटा विभाग
फिलहाल गिरफ्तार तस्कर से पूछताछ की जा रही है। उत्पाद विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और पूरे तस्करी नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। गोपालगंज में हुई इस कार्रवाई को शराब तस्करी के खिलाफ उत्पाद विभाग की बड़ी सफलता माना जा रहा है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

गोपालगंज से नमो नारायण मिश्रा की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें