BIHAR CRIME
कटिहार में पुजारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, श्मशान घाट में फंदे से लटका मिला शव; हत्या की आशंका
आजमनगर के खरसोता गांव में घटना से मची सनसनी,परिजनों ने चाकू से गोदने और जीभ काटने का लगाया आरोप;फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
कटिहार: बिहार के कटिहार जिले के आजमनगर थाना क्षेत्र में एक पुजारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। खरसोता पंचायत के खरसोता गांव निवासी पुजारी हीरालाल मंडल का शव सोमवार सुबह नरकटिया श्मशान घाट में फंदे से लटका हुआ मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। घटनास्थल पर परिजनों और ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मंदिर में भजन-कीर्तन करने गए थे पुजारी
जानकारी के अनुसार, हीरालाल मंडल गांव के समीप स्थित मंदिर में पूजा-पाठ करने के साथ भजन-कीर्तन भी किया करते थे। मृतक की पत्नी तिलो देवी, बेटी भावो देवी और दामाद शिवा मंडल ने बताया कि हीरालाल मंडल रविवार को रोज की तरह लोहा पुल के पास स्थित मंदिर के बगल में भजन-कीर्तन करने गए थे।
परिजनों के मुताबिक, रविवार रात से ही वह लापता थे। परिवार के लोगों ने उनकी काफी खोजबीन की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। सोमवार सुबह ग्रामीणों से नरकटिया श्मशान घाट में उनका शव मिलने की सूचना मिली।
परिजनों ने लगाया बेरहमी से हत्या का आरोप
मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि बदमाशों ने हीरालाल मंडल की चाकू से गोदकर और जीभ काटकर हत्या की। इसके बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को फंदे से लटका दिया गया। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच करने, आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और उन्हें कड़ी सजा दिलाने की मांग की है। हालांकि, हत्या के तरीके और घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम एवं जांच रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही आजमनगर थानाध्यक्ष नीरज कुमार और बारसोई डीएसपी मंगलेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक जांच टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। इसके साथ ही खून के नमूने भी एकत्र किए गए हैं।
डीएसपी बोले- प्रथम दृष्टया हत्या का मामला
बारसोई डीएसपी मंगलेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और फॉरेंसिक टीम से घटनास्थल की जांच कराई गई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर गंभीरता से अनुसंधान कर रही है। उन्होंने जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिया है। फिलहाल पुजारी हीरालाल मंडल की मौत के पीछे की वजह और घटना में शामिल लोगों की पहचान पुलिस जांच का विषय बनी हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
कटिहार से रीतेश रंजन की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।