Live

BIHAR CRIME

कटिहार में भाजपा नेता सह मुखिया राजेश मंडल पर जानलेवा हमला, सिर फोड़कर किया घायल; दो आरोपी गिरफ्तार

D
Deepak Kumarलेखक

दीपावली की रात महिलाओं से कथित छेड़खानी का विरोध करना मुखिया को पड़ा भारी,गांव के ही युवकों ने किया हमला। घायल मुखिया ने पुलिस अधिकारियों से मांगी सुरक्षा,पोठिया पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया।

कटिहार:बिहार के कटिहार जिले में भाजपा नेता सह मुखिया पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। दीपावली की रात क्षेत्र भ्रमण के दौरान महिलाओं के साथ कथित छेड़खानी का विरोध करने पर गांव के ही युवकों ने मुखिया राजेश मंडल के साथ मारपीट कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले में उनके सिर पर गंभीर चोट आई है। घटना के बाद मुखिया ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए पुलिस के वरीय अधिकारियों से सुरक्षा की मांग की है।

महिलाओं से छेड़खानी की सूचना पर पहुंचे थे मुखिया

पूरा मामला कटिहार जिले के पोठिया थाना क्षेत्र के चकला मौलाननगर गांव का है। भाजपा पंचायती राज प्रकोष्ठ के अध्यक्ष सह मुखिया राजेश मंडल के अनुसार, दीपावली की रात गांव की एक महिला ने उन्हें फोन कर सूचना दी कि कुछ युवक उसके घर के बाहर पटाखे जला रहे हैं और आने-जाने वाली महिलाओं के साथ छेड़खानी कर रहे हैं।

सूचना मिलने के बाद मुखिया युवकों के घर पहुंचे और कथित हरकतों का विरोध किया। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर तीन युवकों ने उनके साथ हाथापाई शुरू कर दी। इस दौरान उनके सिर पर वार कर उन्हें घायल कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

सिर में गंभीर चोट,अस्पताल में कराया गया इलाज

मारपीट की घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव किया और घायल मुखिया को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र समेली पहुंचाया, जहां उनका इलाज कराया गया। घटना को लेकर राजेश मंडल ने पोठिया थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

आईजी और एसपी से मांगी सुरक्षा

घटना के बाद मुखिया राजेश मंडल ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने पूर्णिया रेंज के आईजी, कटिहार पुलिस अधीक्षक समेत कई वरीय अधिकारियों को आवेदन देकर सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है। साथ ही उन्होंने मामले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और उन्हें जेल भेजने की मांग की है।

पोठिया पुलिस की कार्रवाई,दो युवक गिरफ्तार

मामले की शिकायत मिलने के बाद पोठिया थाना पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। पोठिया थाना प्रभारी नवीन कुमार ने बताया कि इस मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। घटना के बाद गांव में इस मामले को लेकर चर्चा तेज है।

कटिहार से रितेश कुमार की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें